पीलीभीत। वलीमे से लौट रहे परिवार की कार के हादसे में 5 की मौत हो गई।
उत्तराखंड के खटीमा जिले के जमौर गांव की रहने वाली हुस्ना बी की शादी पीलीभीत के शहर कोतवाली क्षेत्र के चंदोई गांव निवासी अनवर अहमद के साथ हुई थी। बुधवार को निकाह के बाद गुरुवार को वालीमे की दावत रखी गई थी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तराखंड से दुल्हन पक्ष के लोग भी पीलीभीत आए थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वधू पक्ष के लोग अर्टिगा कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। बताते हैं कि कार जैसे ही न्यूरिया थाना क्षेत्र शाने गुल मैरिज हॉल के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर कार खाईं में पलटने के बाद पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ भी टूटकर कार पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने जेसीबी की मदद से पेड़ को हटवाकर कार सवार लोगों को बाहर निकाला। हादसे में ड्राइवर समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले
शरीफ अहमद (50) पुत्र नन्हें निवासी कस्बा खटीमा गोटिया, खटीमा उत्तराखंड
बाबुद्दीन (60) निवासी बांसखेड़ा थाना अमरिया, जनपद पीलीभीत
मुन्नी (65) पत्नी नजीर अहमद निवासी कस्बा खटीमा गोटिया, खटीमा उत्तराखंड
कार ड्राइवर (35)-पुलिस शिनाख्त में लगी है.
राकिब (10) पुत्र मो. अहमद निवासी खटीमा गोटिया, खटीमा उत्तराखंड
हादसे में घायल हुए लोग
मंजूर अहमद (65) पुत्र नूर अहमद निवासी जमौर, खटीमा उत्तराखंड
गुलाम अहमद (08) रजा पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी अमौर, खटीमा उत्तराखंड
रईस अहमद (45) पुत्र नजीर अहमद निवासी खटीमा भूड़ उत्तराखंड
अमजदी (55) पत्नी इरशाद निवासी खमरिया पोटा बरखेड़ा, पीलीभीत
जाफरी बेगम (60) पत्नी बाबुद्दीन निवासी बांसखेड़ा अमरिया, पीलीभीत

