https://youtube.com/shorts/yk6osMhxeE0?si=qFIDxx3LrdeMaQhQ
मुजफ्फरनगर। मेरठ से सहारनपुर के भागमभाग दौरे में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत किया। हालांकि नबीन ने अपनी कार के सन रूफ से खड़े होकर अभिवादन स्वीकार किया और कार्यकर्ताओं से माला लेकर खुद अपने गले में डालते नजर आए। मीडिया से वार्ता में उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि कार्यकर्ताओं में जोश है और 2027 में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत को लेकर मंगलवार सुबह आठ बजे से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं का जुटना शुरू होने लगा था। सिवाया टोल प्लाजा, खतौली, बिलासपुर चौराहे के पास मंच बनाकर बनानक, कोलकी टोल आदि स्थानों पर स्वागत स्थान बनाया था। जैसे ही उनका काफिला मुजफ्फरनगर में दाखिल हुआ, पूरा वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि यह उनका पहला दौरा था, जो ऐतिहासिक रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं ने कहा कि मुजफ्फरनगर में मिला यह ऐतिहासिक स्वागत केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के समर्पित भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह, संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और राष्ट्रसेवा के संकल्प का जीवंत प्रमाण है। वहीं विधानसभ टिकट के दावेदार भी भारी काफिलों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने पहुंचे थे। नितिन नबीन ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रीय जनता का उनके स्नेह और भव्य नागरिक अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, पवन अरोरा, राहुल गोयल, राज्य पिछड़ा आयोग के पूर्व सदस्य जगदीश पांचाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, सतपाल पाल सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता पहुंचे।


