मुजफ्फरनगर। आध्यात्मिकता, मानवता और विश्वबंधुत्व का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी 22 मार्च 2026 को कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड में उत्तर प्रदेश का भव्य ‘राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम’ आयोजित किया जाएगा। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की पावन छत्रछाया में होने वाला यह आयोजन प्रदेश भर के श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक जागृति का केंद्र बनेगा।मीडिया सहायक सुशील कुमार अंश के अनुसार, प्रातः 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलने वाले इस दिव्य समागम में उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुँचेंगे। मुजफ्फरनगर जनपद की खतौली, रामराज, पुरकाजी, बुढ़ाना और बलवाखेड़ी जैसी विभिन्न शाखाओं से हजारों की संख्या में भक्तजन कानपुर पहुँचकर सतगुरु के अमृतमय वचनों का श्रवण करेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन में प्रेम, करुणा और वैश्विक भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना है।समागम की पूर्व संध्या पर 20 और 21 मार्च को विशेष रूप से ‘निरंकारी यूथ सिम्पोजियम’ का आयोजन किया जाएगा। ‘द सिक्स एलीमेंट्स’ (छः तत्व) विषय पर आधारित इस मंच के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास होगा। इसमें लघु नाटक, भक्ति-गीत और पैनल चर्चा जैसी गतिविधियों के जरिए युवाओं को अनुशासन, आत्मिक संतुलन और रचनात्मक नेतृत्व के प्रति प्रेरित किया जाएगा। प्रदेश भर के युवा अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से इस सिम्पोजियम को जीवंत बनाएंगे।मुजफ्फरनगर के संयोजक हरीश कुमार ने बताया कि समागम स्थल पर लंगर, प्याऊ, चिकित्सा सहायता और पार्किंग जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। सेवादार पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ वातावरण को स्वच्छ और भक्तिमय बनाने में जुटे हैं। स्थानीय प्रशासन भी इस बड़े आयोजन की सफलता के लिए पूरा सहयोग प्रदान कर रहा है। आयोजकों ने सभी प्रभु-प्रेमियों और बुद्धिजीवियों को इस आध्यात्मिक संगम का हिस्सा बनने के लिए सादर आमंत्रित किया है।


