मेरठ । करोड़ों का दहेज मिलने के बावजूद अवैध संबंधों का विरोध करने पर शहर के नौचंदी थाना क्षेत्र के ढवाई नगर के स्क्रैप कारोबारी समीर (30) ने पत्नी गुलफ्शां (25) की पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। गुलफ्शां का मायका मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में है। हत्या के बाद आरोपी चार महीने के बेटे को लेकर परिजनों के साथ फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मंसूरपुर मुजफ्फरनगर निवासी राशिद मलिक की दो बेटियों गुलफ्शां और शुमाइला की शादी दो साल पहले हापुड़ रोड ढवाई नगर गली नंबर चार निवासी समीर और उसके भाई मुशीर के साथ हुई थी। गुलफ्शां और समीर मलिक का चार महीने का बेटा है। मायके वालों ने अवैध संबंधों का विरोध करने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। गुलफ्शां के पिता की तहरीर पर पति समेत परिवार के नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि विवाद के बाद दोनों बहनें घर चली गईं थी और तीन दिन पहले ही ससुराल आई थीं। गुलफ्शां के चाचा वाजिद मलिक ने बताया कि दोनों बहनों की शादी में एक करोड़ रुपये नगद और 50 तोले सोने के जेवरात और कार दी थी। समीर के किसी लड़की से अवैध संबंध हैं। गुलफ्शां इसका विरोध करती थी।

