मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा उत्तराखण्ड सीमा पर कांवड यात्रा में संचालित डीजे वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने हेतु चैक किया गया तथा ओवरसाईज्ड डीजे वाहनों को मानक के अनुरूप कराया गया।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बुराहैड़ी चेकपोस्ट पर स्वयं मौजूद रहकर हरिद्वार से आने वाली डीजे कांवड़ों की नपाई करवाई। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत द्वारा थानाक्षेत्र पुरकाजी के अन्तर्गत उत्तर-प्रदेश, उत्तराखण्ड सीमा पर जनपद मुजफ्फरनगर में प्रवेश करने वाले डीजे वाहनों के संचालकों से वार्ता कर उन्हे शासन द्वारा डीजे की उंचाई व चौडाई के सम्बन्ध में जारी मानक व दिशा-निर्देशों के बारे में बताया गया तथा डीजे वाहनों को चैक किया गया। पुलिस द्वारा कांवड यात्रा को सुरक्षित व दुर्घटना मुक्त कराने हेतु ओवरसाईज्ड डीजे वाहनों को मानकों के अनुसार (10 फुट ऊंचाई तथा 12 फुट चौडाई) कराकर मुजफ्फरनगर सीमा में प्रवेश दिया गया।
इसके साथ ही एसपी सिटी द्वारा सभी डीजे संचालकों से वार्ता कर उन्हे निर्देशित किया गया किया कि डीजे का ध्वनि स्तर शासन द्वारा निर्धारित डेसीबल (75 डेसीबल) पर ही रखें, जिससे धार्मिक श्रद्धा और कानून व्यवस्था दोनों को संतुलित रखा जा सके। पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित डीजे वाहन के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत द्वारा कांवड़ मार्ग शिव चौक, नावल्टी चौराहा, अस्पताल तिराहा, मदीना चौक आदि का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी प्वाइंट्स को चेक किया गया तथा कांवड़ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने, कांवड यात्रियों के साथ शालीनता से व्यवहार करने एंव उनकी हरसम्भव सहायता करने तथा डायवर्जन प्लान को कडाई से लागू कराते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने, कांवड मार्ग पर नियमित रूप से पेट्रोलिंग करने, कांवडियों/श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।