लखनऊ। नोएडा भूमि घोटाले में सेवानिवृत्त आईएएस अफसर मोहिंदर सिंह के चंडीगढ़ स्थित आवास से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को करीब 100 करोड़ रुपये की कीमत की चल-अचल संपत्तियों के कागजात मिले हैं। ईडी के अधिकारियों ने सिंह से 14 घंटे तक पूछताछ की लेकिन वे हर सवाल अपने जूनियर पर टालते रहे।
मुजफ्फरनगर के डीएम और नोएडा अथारिटी के बडे पद पर रहे एस मोहिंदर के आवास से मिले दस्तावेजों की जांच में अरबों की चल-अचल संपत्तियाें का पता चला है। ईडी ने हैसिंडा प्रोजेक्ट द्वारा निवेशकों के साथ धोखाधड़ी के मामले में मंगलवार को छापा मारा था। ईडी के अधिकारियों ने जब उनसे अकूत संपत्ति में निवेश की गई रकम के स्रोत के बारे में पूछा, तो वह कोई समुचित जवाब नहीं दे सके। छापे में मिले कई बेनामी संपत्तियों के दस्तावेजों की जानकारी होने से भी उन्होंने इनकार किया। नोएडा अथॉरिटी में सीईओ रहने के दौरान हैसिंडा प्रोजेक्ट प्रा.लि. को दी गई रियायतों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने मातहतों को जिम्मेदार ठहराया। उन्हें राजधानी स्थित ईडी के जोनल मुख्यालय में तलब कर पूछताछ की जाएगी।

