मुजफ्फरनगर। एक व्यक्ति ने मुज़फ्फरनगर विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार की शिकायत करने पर उपाध्यक्ष कविता मीणा पर अपने कार्यालय में बुलवाकर पीए और गनर से पिटाई कराने का आरोप लगाया है। इस मामले में मौहल्ला खालापार निवासी मौहम्मद साजिद अंसारी पुत्र इसरार अहमद अंसारी ने थाना सिविल लाइन में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि आज सुबह 10:49 पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा के पीए आरपी सिंह ने फोन कर उन्हें और उनकी माता रफत परवीन को ऑफिस में बुलाया था। आरोप है कि उपाध्यक्ष कविता मीणा ने कहा कि तुमने मुख्यमंत्री को मेरी शिकायत की है,जिस पर हमने बताया कि कोर्ट में केस चल रहा है और आपने धोखाधड़ी से नक्शे पास किए हैं और उसमें आर्थिक लाभ लिया है। साजिद ने कहा कि कि इसके बाद उपाध्यक्ष ने पहले तो एफआईआर कराकर जेल भेजने की धमकी दी जिसके बाद अपने पीए और गनर को बुलाकर. उसकी पिटाई कराई और मोबाइल छीन लिया । साजिद का आरोप है कि एमडीए के दफ्तर में उसके व उसकी मां रफत परवीन को भी धक्का दिया गया और मोबाइल तोड़ दिया गया। उसने पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बावजूद कुछ नहीं किया। एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा ने मारपीट के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि जिस प्लाट का नक्शा पास किया गया है उसके मालिक ने अपने पक्ष में कोर्ट के आदेश भी जमा कराए हैं। शिकायतकर्ता को चाहिए कि वह कोर्ट से अपने आदेश लाए। उन्होंने कहा कि वे उक्त व्यक्ति के खिलाफ गलत आरोप लगाने पर आवश्यक न्यायिक कार्रवाई करेंगी।


