मुज़फ्फरनगर। जिला उद्योग केंद्र में आज एडिशनल कमिश्नर ऑफ़ इंडस्ट्रीज (उद्योग), मेरठ मंडल उमेश कुमार सिंह के साथ एक परिचयात्मक एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर उद्योग जैस्मिन फौजदार, सहयक महाप्रबंधक आशीष कुमार भी उपस्तिथ थे. बैठक में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईं आईं ए ) की ओर से डिवीज़नल चेयरमैन पवन कुमार गोयल, पूर्व चेयरमैन अशोक अग्रवाल,
आईं आईं ए युवा विंग कैप्टन अनमोल अग्रवाल, एफ.सी. मोगा, राकेश जैन, अभिषेक अग्रवाल, जगरोशन गोयल सहित अन्य ने मुलाकात कर उद्योग जगत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों एवं उद्यमियों की समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक के दौरान आईं आईं ए प्रतिनिधिमंडल ने सहारनपुर स्थित एम एस एम ई फैसिलिटेशन काउंसिल की कार्यप्रणाली का विषय प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि उद्यमियों के भुगतान संबंधी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण नहीं हो पा रहा है। कई मामलों में चार से पांच माह अथवा उससे भी अधिक समय लग रहा है, जबकि एन एस एम इ एक्ट की धारा 18(5) के अनुसार कार्यवाही को यथासंभव निर्धारित 90 दिनों के भीतर पूर्ण किया जाना अपेक्षित है।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के मण्डलीय चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने अनुरोध किया कि फैसिलिटेशन काउंसिल की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उसे अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए, ताकि सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों को अपने बकाया भुगतान की प्राप्ति में अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े और उनकी कार्यशील पूंजी प्रभावित न हो।
इसके साथ ही बैठक में जिला उद्योग केंद्र मुज़फ्फरनगर के अंतर्गत उपलब्ध खाली एवं अनुपयोगी पड़े औद्योगिक प्लॉटों का विषय भी उठाया गया। आईं आईं ए ने सुझाव दिया कि ऐसे सभी प्लॉटों की सूची तैयार कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके तथा नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए इच्छुक उद्यमियों को भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
आईं आईं ए ने कहा कि उद्योगों के लिए भूमि की उपलब्धता, समयबद्ध भुगतान तथा सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन विषयों के समाधान से न केवल मौजूदा उद्योगों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में नए निवेश एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।एडिशनल कमिश्नर श्री उमेश कुमार सिंह जी ने संगठनों के द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन के सकारात्मक सहयोग से उद्यमियों की इन समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा मेरठ मंडल में औद्योगिक विकास को और अधिक गति मिलेगी।


