नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है। कांग्रेस ने उन सीटों की सूची लगभग तैयार कर ली है, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं। ऐसे में गठबंधन की सीट बंटवारे की गुत्थी कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सीधे संवाद से ही सुलझने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने 130 से अधिक सीटों की सूची तैयार की है। इन सीटों को राजनीतिक परिस्थितियों और सामाजिक समीकरणों के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। संभावित उम्मीदवारों के नाम भी चिह्नित किए गए हैं। पिछले सप्ताह प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में इन सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई थी। कांग्रेस ने अपनी दावेदारी वाली सीटों की सूची सपा को भी भेज दी है। वहीं, सपा की ओर से अधिकतम 60 सीटें कांग्रेस के खाते में जाने की बात कही गई है, जबकि कांग्रेस के कई प्रदेश नेता 150 से 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी करते रहे हैं। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अंतर को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व की भूमिका अहम मानी जा रही है। राहुल गांधी का 25 नवंबर तक व्यस्त कार्यक्रम होने के कारण नवंबर के अंत तक भी सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति बनने की संभावना कम बताई जा रही है।


