Skip to main content

TR NEWS UP-UK

उत्तर प्रदेश के 10 विभूतियों को मिला पद्म सम्मान, मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई

लखनऊ। गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश के 10 प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को इन सम्मानों से नवाजा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन विभूतियों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सभी को बधाई दी है।

*इन्हें मिला पद्म भूषण सम्मान*

उत्तर प्रदेश से दो हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। इनमें राम बहादुर राय को पत्रकारिता एवं साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में किये गए उत्कृष्ट कार्य के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। वहीं साध्वी ऋतंभरा को सामाजिक कार्यों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस सम्मान से नवाजा गया है।

*इन्हें मिला पद्म श्री सम्मान*

इसके अलावा प्रदेश के आठ लोगों को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। इनमें आशुतोष शर्मा को विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में, गणेश्वर शास्त्री द्रविड़, सैयद ऐनुल हसन और हृदय नारायण दीक्षित को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। इसी प्रकार नारायण (भुलाई भाई) को सार्वजनिक कार्यों में उनकी सेवाओं के लिए मरणोपरांत इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, वहीं सत्यपाल सिंह को खेल के क्षेत्र में, श्याम बिहारी अग्रवाल को कला के क्षेत्र में तथा सोनिया नित्यानंद को चिकित्सा के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

*सीएम योगी ने सभी को दी बधाई*

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सभी के नामों का उल्लेख किया और लिखा, “आप सभी गणमान्य विभूतियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने विशिष्ट और असाधारण योगदानों से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पटल पर उत्तर प्रदेश को गौरवभूषित किया है। आप सभी के उत्कृष्ट कार्यों और अटूट ध्येयनिष्ठा ने अनगिनत व्यक्तियों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश को आप सभी पर गर्व है।” उन्होंने नारायण ‘भुलाई भाई’ को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान मिलने पर उनके परिजनों को बधाई दी है।

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *