रुद्रपुर। करीब एक हफ्ते से लापता नर्स की हत्या के बाद शव को कैमीकल से जलाकर यूपी के इलाके में फेंक दिया। नर्स का कंकाल रुद्रपुर से सटे यूपी क्षेत्र से बरामद किया गया है। नर्स की हत्या कर पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कैमिकल डालने व दुष्कर्म करने की आशंका जताई जा रही है। गुस्साए परिजनों और लोगों ने उस निजी अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया जहां वह काम करती थी।
पुलिस के अनुसार, गदरपुर के इस्लामनगर निवासी नफीस अहमद की बेटी तस्लीम जहां (32) नैनीताल रोड स्थित एक अस्पताल में नर्स थी। वह अपनी 11 साल की बेटी के साथ बिलासपुर के डिबडिबा स्थित वसुंधरा कॉलोनी में रहती थी। 30 जुलाई से तस्लीम लापता थी। लापता होने के बाद नौवें दिन यानी गुरुवार की देर शाम को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सीमावर्ती गांव डिबडिबा स्थित एक खाली प्लाट की झाड़ियों में सड़ा-गला युवती का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने नर्सिंग होम पर हंगामा किया।

