*कहा- मृत्यु को संवारती और सिखाती है श्रीमद् भागवत कथा*
*सुख तो हमारे भीतर ही है, लेकिन हम उसका अनुभव नहीं कर पा रहे हैं*
*रेशू प्रांगण में चल रही अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं ने बडी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई, सुरक्षा व्यवस्था के रहे कड़े बंदोबस्त*
मुजफ्फरनगर, 15 नवम्बर। रेशू विहार में 13 नवम्बर से चल रही अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन आज कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने आदिदम्पत्ति, मनु और शतरूपा, भगवान के वाराह अवतार, दक्ष प्रजापति, भगवान शंकर और माता सती की कथा का विस्तार से वर्णन करने के साथ ही धु्रव चरित्र का बडे ही सुन्दर तरीके से वर्णन किया। रेशू प्रांगण में आयोजित कथा के दौरान वहां उपस्थित चारों धामों एवं दिव्य 9 वृक्षों (नवगृहों) के साथ ही 12 संगीतज्ञों की टीम ने माहौल को पूरी तरह से भक्तिमय बना दिया। इस दौरान सभी भक्तगण झूमने पर विवश हो गये।
अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने कहा कि सुख हमारे भीतर ही है, बस हम उसका अनुभव नहीं कर पा रहे हैं। सुख की खान भगवान ही हैं, इसलिये उनसे ही नाता जोडऩा होगा। महाराज श्री ने एक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि परीक्षित जी ने शुकदेव जी से पूछा कि मरने वाले मनुष्य को क्या करना चाहिये, शुकदेव जी ने बहुत ही सरल स्वभाव में कहा कि ऐसे व्यक्ति को गोविन्द के पादकमलों (भगवान के चरणों) का ध्यान करना चाहिए, क्योंकि गोविन्द ही इस कलिकाल (कलियुग के समय) से मुक्ति दिला सकते हैं। इसके बाद महाराज श्री ने सृष्टि प्रक्रिया का विस्तार से वर्णन करते हुए सृष्टि के आदिदम्पत्ति, मनु और शतरूपा की कथा विस्तार से सुनाई। इसके पश्चात श्री शान्तनु जी महाराज ने भगवान के वाराह अवतार की कथा का विस्तार से वर्णन किया। देवहूति मॉ और कर्दम मुनि की कथा का वर्णन करते हुए महाराज श्री ने कहा कि इनके यहाँ भगवान कपिल का जन्म हुआ, जिन्होंने सांख्यशास्त्र का उपदेश दिया। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी माता देवहूति जी को भी उपदेश दिया, जिसे भागवत जी में कपिल अष्टाध्याय कहते हैं। कपिल भगवान कहते हैं कि आत्मा की तृप्ति सांसारिक संसाधनों से नहीं होती, बल्कि आत्मा की तृप्ति के लिये पूर्ण परमात्मा की आराधना करना जरूरी है, परमात्मा का मनन करो और ऐसे लोगों का संग करो, जिनका मन भगवान के चरणों में लगा हो।
सन्तों के लक्षण के बारे में महाराज श्री ने बताया कि जिसके अन्दर धैर्य-करुणा हो और वह सभी वस्तुओं एवं जीवों में भगवान का दर्शन करता हो, वही सन्त है। भक्तों के बारे में महाराज जी ने कहा कि उत्तम कोटि का भक्त वही है, जो कभी भगवान से कुछ नहीं मांगता, इसलिये बस केवल भगवान के चरणों का आश्रय लीजिये। इसके बाद दक्ष प्रजापति, भगवान शंकर और माता सती की कथा का वर्णन करते हुए श्री शान्तनु जी महाराज ने कहा कि दक्ष को बड़ा पद मिलने के कारण उसे अभिमान हो गया था और उसने ब्रहमा जी की सभा में भगवान शंकर का अपमान कर दिया था, इसके बाद भगवान ने दक्ष को बकरे का मुंह होने का श्राप दे दिया। इसी का बदला लेने के लिये उसने यज्ञ का आयोजन किया और भगवान शिव को नहीं बुलाया, परन्तु माता सती शिव जी के मना करने के बाद भी अपने मायके गई, लेकिन यज्ञ में भगवान शिव का अपमान देख उन्हें बहुत क्रोध आया और उन्होंने अपने आप को योग की अग्नि में जलाकर स्वयं को राख कर लिया। सती माँ के दहन को सुनकर भगवान शंकर ने वीरभद्र को प्रकट किया। वीरभद्र ने जाकर दक्ष की गर्दन को काटकर यज्ञ में ही डाल दिया और सम्पूर्ण यज्ञ को नष्ट कर दिया। अन्त में महाराज जी ने धु्रव चरित्र की कथा को विस्तार से सुनाते हुए कहा कि जब धु्रव जी को सौतेली माता सुरुचि ने पिता की गोद में बैठने से रोका और कड़वे वचन कहे, तब उनकी माता सुनीति ने उन्हें प्रतिशोध के बजाय भगवान की शरण में जाने की सीख दी, जिसके बाद धु्रव जी ने परमात्मा को प्राप्त करने के लिये उनमें अपना मन लगा लिया। नारद जी ने उन्हें बालक समझकर घर लौट जाने और राजसुख भोगने का सुझाव दिया, जो वास्तव में उनके दृढ़ संकल्प और वैराग्य की परीक्षा थी, जिसमें वह पास हो गये, जिसके बाद नारद जी ने धु्रव जी को द्वादश अक्षर का गुरुमन्त्र दिया है और पाँच वर्ष की अवस्था में अत्यन्त कठिन साधना कराई, तब जाकर भगवान ने ध्रुव जी को अपने दर्शन दिये। भगवान विष्णु की कृपा से धु्रव जी को 36,000 वर्षों का दीर्घायु राज्य प्राप्त हुआ। इतने लंबे समय तक धर्मपूर्वक शासन करने और अंत में कठोर तप व ध्यान द्वारा आत्मसंयम साधने के बाद वे भगवान के दिव्य धाम अर्थात “ध्रुव लोक” (जिसे ध्रुव तारा या तारामंडल भी कहा जाता है) को प्रस्थान कर गए।
अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के साथ ही रेशू एडवर्टाइजिंग प्रांगण में प्रतिदिन प्रात: 8 बजे से 9.30 बजे तक पूजन किया जाता है, जिसमें महाराजश्री स्वयं उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हैं। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के लिये भोजन प्रसाद की समुचित व्यवस्था के साथ ही वाहनों की पार्किंग, शुद्ध पेयजल, जूतों के उचित रखरखाव और शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। श्रीमद् भागवत कथा के दौरान तोता-मैना के साथ ही भैरव का रूप माने जाने वाले दो श्वान बहुत ही शांतिपूर्वक तरीके से श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करते हैं, जो अपने आप में सभी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। इस अवसर पर सत्यप्रकाश रेशू के निमंत्रण पर वृंदावन से आये हाऊ-बिलाऊ ने अपने भजनों के माध्यम से सभी श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया।
इस अवसर पर उद्योग जगत के उद्योगपति राकेश बिंदल, धर्मपरायण भीमसैन कंसल, न्याय जगत के दिनेश मोहन एडवोकेट, राजनेता आशीष प्रताप, कवि जगत के प्रतीक उर्फ बंटी, राम मंदिर कारसेवक ललित माहेश्वरी, सुप्रसिद्ध गायिका अंजू गुप्ता के साथ ही रेशू परिवार समेत हजारों श्रद्धालुओं ने श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
ज्ञातव्य है कि कथा आयोजक सत्यप्रकाश रेशू को कथाओं के साथ ही अन्य धार्मिक एवं योग कार्यक्रमों का आयोजन कराने का अत्यंत अनुभव है। उन्होंने डोगरे जी महाराज, मोरारी बापू जी, रमेश भाई ओझा, विजय कौशल जी महाराज, किरीट भाई की कथाओं के साथ ही योग गुरू बाबा रामदेव के अनेक कार्यक्रमों का सुचारू रूप से संचालन किया है। यह सत्यप्रकाश रेशू का ही अनुभव है कि कथास्थल पर तीन महिलाओं की सोने की चैन चोरी की घटना के बाद त्वरित कार्यवाही कर आरोपी महिलाओं को मौके से ही पकडकर पुलिस के हवाले कर दिया गया कल कथा में श्रीकल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी भी आयेंगे।


