नई दिल्ली। ब्रिक्स समिट के बीच एक मुलाकात ने अचानक सबका ध्यान खींच लिया। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन भारतीय धार्मिक नेताओं, बुद्धिजीवियों और कारोबारियों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज भी मौजूद थे। कार्यक्रम की तस्वीरों और सामने आए वीडियो में दोनों की मुलाकात का एक खास सीन अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो में पेजेश्कियन जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज के सामने झुकते और उनके चरण स्पर्श करते नजर आते हैं। यही सीन इस पूरे वीडियो का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला हिस्सा बन गया है। वीडियो में आसपास मौजूद लोग भी इस मुलाकात के दौरान दिखाई दे रहे हैं। कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों पर भी चर्चा हुई। जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज ने अपने संबोधन में सनातन की आध्यात्मिक परंपरा और मानवता से जुड़े संदेश पर बात की। इस मुलाकात के दौरान पेजेश्कियन ने भारतीय धार्मिक नेताओं, बुद्धिजीवियों और कारोबारियों से संवाद किया। ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि दैवीय धर्मों की शिक्षाओं का केंद्र न्याय स्थापित करना और मानव गरिमा की रक्षा करना है।


