मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक शाहनवाज राना की कंपनी जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े कथित फर्जी आईटीसी मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की लखनऊ की टीम की छापेमारी की में शहर के नामचीन चेहरों पर कार्रवाई से हड़कंप मचा है। एसडी एसोसिएशन से जुड़े आकाश कुमार के अलावा राना ग्रुप के तमाम ठिकाने खंगाले जा रहे हैं।
पूर्व विधायक शाहनवाज राणा से जुड़ी कंपनी में कथित फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) क्लेम और करीब 20 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी को लेकर मुजफ्फरनगर सहित कई स्थानों पर आज ईडी ने कार्रवाई की है। सूजडू स्थित राना हाउस, मेरठ रोड स्थित पूर्व विधायक शाहनवाज राना तथा उनके चाचा पूर्व विधायक एवं रालोद नेता नूरसलीम राना व राना परिवार के कृष्णापुरी आवास, प्रेमपुरी में स्टील कारोबारी संजय जैन के आवास, द्वारिकापुरी और नई मंडी स्थित पूर्व चेयरमैन अनिल तायल के परिसरों सहित सूजडू चुंगी स्थित शाहनवाज राना की कंपनी जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड के मुख्य कार्यालय पर भी ईडी का छापा जारी है। बालाजी रोलिंग मिल के मालिक आकाश कुमार के द्वारिका सिटी स्थित आवास और शाहनवाज राणा के चार्टर्ड अकाउंटेंट विराज चौधरी के नई मंडी स्थित आवास पर भी ईडी की टीम पडताल कर रही है। जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड के साथ कारोबार करने वाले लोहा और सरिया उद्योग जांच के दायरे में हैं। छापामारी में कुछ सुराग मिलते हैं तो कुछ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।


