पटना। भागलपुर में भोजपुरी अभिनेत्री अमृता पांडेय ने आत्महत्या कर ली। शहर के आदमपुर इलाके के दिव्य धाम अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 104 में उसकी लाश पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से झूलती मिली है । घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को फंदे से उतार कर स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने फौरन पुलिस को मामले की जानकारी दी। इधर, सूचना मिलते ही जोगसर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक की टीम को बुलाया। टीम आई और सारे साक्ष्य को इकट्ठा कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने उसके मोबाइल को खंगाला तो पता चला कि अमृता सुबह सवा 10 बजे अपने व्हाट्सऐप पर स्टेट्स लगाया था। इसमें लिखा था, “क्यों दो नाव पर सवार थी उसकी जिंदगी, हमने नाव डूबाकर उसका सफर आसान कर दिया।”

