जानसठ : क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। उसका आरोप है कि गांव के लोगों ने उसके बेटे की हत्या की है। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती देकर मुकदमा दर्ज कराने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव राजपुर कला निवासी सुभाष पुत्र जयपाल ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया। उसने शिकायती पत्र में बताया कि उसका 22 वर्षीय इकलौता पुत्र आशु जो की चार बहनों का इकलौता भाई था छह जून को घर से लापता हो गया था। वह यह कहकर घर से निकला था कि मुझे परिवार के ही एक व्यक्ति ने जंगल में बुलाया है। देर रात तक भी जब वह घर वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। सभी जगह तलाश करने पर भी वह नहीं मिला। सुभाष ने शिकायती पत्र में बताया कि उसने आठ जून को थाने पर आशु की गुमशुदगी की सूचना भी दे दी थी। नो जून की शाम को लगभग छह बजे आशु का शव गांव के करीब ही पूर्व प्रधान संजीव के खेत में पड़ा मिला था। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने आशु के शव को पीएम के लिए भेज दिया था। उसने शिकायती पत्र में गांव में ही रहने वाले तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि तहरीर देने के बाद भी जानसठ पुलिस ने अभी तक मेरी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उसने एसएसपी से रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्यवाही कराने की मांग की है। इस संबंध में एसएसआई जितेंद्र सिंह का कहना है कि शिकायती पत्र मिला है। जांच चल रही है जांच कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

