
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी लेने के साथ अनुशासन व एकरूपता बनाये रखने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शाखाओं का निरीक्षण व अर्दली रूम लेते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी ली गई। परेड का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के0 मिश्रा द्वारा किया गया। तत्पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ व फिट रहने के उद्देश्य से परेड ग्राउंड में दौड़ लगवाई गई। साथ ही पुलिसकर्मियों के टर्नआउट का टोलीवार निरीक्षण करते हुए अनुशासन, एकरूपता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप वर्दी धारण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पुलिस वाहनों को संचालित कराकर उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों में लगे हूटर, लाइट, अन्य आवश्यक उपकरणों एवं उपलब्ध प्राथमिक चिकित्सा सहायता किट की स्थिति का जायजा लिया गया। महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं वाहन चालकों को वाहनों की नियमित साफ-सफाई, उचित रखरखाव तथा सभी आवश्यक उपकरणों को सदैव क्रियाशील अवस्था में रखने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से उपस्थित रहने, सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए रिस्पांस टाइम बेहतर रखने के निर्देश दिए गए।
परेड के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए संचालित भोजनालय, पुलिस कैफे, सब्सिडियरी कैंटीन एवं बैरकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के खान-पान, स्वच्छता एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त मोटर परिवहन शाखा का निरीक्षण करते हुए वाहनों के रखरखाव, साफ-सफाई एवं संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की गई। एसएसपी द्वारा वाहनों को सदैव दुरुस्त एवं ड्यूटी के लिए तैयार रखने हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अन्त में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आदेश कक्ष में अधिकारी/कर्मचारीगण का अर्दली रूम लिया गया तथा रजिस्टर व अभिलेखों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के0 मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।


