Skip to main content

TR NEWS UP-UK

आईआईए मुजफ्फरनगर की युवा इकाई के उद्यमियों ने हरिद्वार में किया औद्योगिक भ्रमण

मुजफ्फरनगर। युवा उद्यमियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने, उन्हें व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने तथा आपसी संपर्क, सहयोग और एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर की युवा विंग द्वारा हरिद्वार में औद्योगिक भ्रमण एवं दो दिवसीय प्रवास का आयोजन किया गया। युवा विंग के कैप्टन अनमोल अग्रवाल के नेतृत्व में युवा उद्यमियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत हरिद्वार स्थित आरजी पेट्रोडाइन में औद्योगिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण की व्यवस्था आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा के सहयोग से की गई। राहुल शर्मा ने युवा उद्यमियों के लिए इस भ्रमण को व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आरजी पेट्रोडाइन के डायरेक्टर एवं आईआईए हरिद्वार के सदस्य मानिक मोदी ने युवा उद्यमियों का आत्मीय से स्वागत किया। उन्होंने उद्यमियों को कारखाने की विभिन्न उत्पादन प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली एवं व्यावसायिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। युवा उद्यमियों ने उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से देखा तथा उद्योग संचालन से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं को समझा।

इस अवसर पर आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। हरिद्वार के पदाधिकारियों ने मुजफ्फरनगर से पहुंचे युवा उद्यमियों का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उनके साथ उद्योग जगत से जुड़े अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। दोनों जिलों के उद्यमियों के बीच हुए संवाद से आपसी संपर्क, व्यावसायिक संबंध और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं को और मजबूती मिली।

 

औद्योगिक भ्रमण के बाद युवा उद्यमियों ने प्राकृतिक वातावरण से भरपूर ऋषिकेश के नीरज रिसोर्ट में रात्रि प्रवास किया। यहां व्यवसायिक चर्चा के साथ मनोरंजन एवं आपसी मेलजोल के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कैप्टन अनमोल अग्रवाल के नेतृत्व में तैराकी, व्यवसाय आधारित तंबोला तथा विभिन्न व्यापार संबंधी मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया।

इन गतिविधियों के माध्यम से युवा उद्यमियों को एक-दूसरे को बेहतर ढंग से जानने, अपने व्यवसायिक अनुभव साझा करने तथा नए विचारों से सीखने का अवसर मिला। पूरे आयोजन के दौरान आपसी संवाद, सहयोग की भावना, समूह भावना और आत्मीय संबंधों को विशेष रूप से बढ़ावा मिला।

ऋषिकेश से वापसी के दौरान युवा उद्यमियों ने श्री अजरानंद अंध विद्यालय, सप्तऋषि आश्रम रोड, हरिद्वार का भी दौरा किया। यहां उन्होंने दृष्टिबाधित बच्चों से मुलाकात कर उनके साथ समय बिताया तथा उनके जीवन, शिक्षा एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर आईआईए मुजफ्फरनगर की युवा विंग द्वारा विद्यालय को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।

युवा उद्यमियों ने इस पहल को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंद बच्चों के साथ संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने वाला सार्थक प्रयास किया ।

 

युवा उद्यमियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक भ्रमण नहीं था, बल्कि उद्योग को समझने, अनुभवों से सीखने, नए व्यावसायिक संबंध बनाने और आपसी एकजुटता को मजबूत करने का सार्थक अवसर रहा। सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की सफल योजना एवं संचालन के लिए कैप्टन अनमोल अग्रवाल तथा औद्योगिक भ्रमण की व्यवस्था में सहयोग के लिए आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया।

आईआईए मुजफ्फरनगर की युवा विंग द्वारा युवा उद्यमियों को उद्योग जगत से जोड़ने, उनके ज्ञान एवं अनुभव को बढ़ाने तथा उद्यमियों के बीच आपसी सहयोग और संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हरिद्वार का यह आयोजन भी इसी उद्देश्य की दिशा में एक सफल एवं प्रेरणादायक पहल रहा।

इस अवसर पर आईआईए मुजफ्फरनगर के सचिव राहुल मित्तल, कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, पब्लिक रिलेशन कमैंट्टी चेयरमैन राज शाह, अर्णव अग्रवाल, अधिवक्ता तुषार गुप्ता, अनमोल गर्ग, प्रेरक जैन, कृष्णा गर्ग, स्पर्श अग्रवाल, मृदुल भाटिया, मयंक मित्तल, कश सिंगल, कार्तिक जलौत्रा एवं कार्तिक मित्तल सहित युवा उद्यमी उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *