देहरादून। रेलवे स्टेशन पर यूपी से आई दूसरे समुदाय की किशोरी से मिलने पहुंचे युवक को लोगों ने पीट दिया। इसके बाद अलग समुदाय के दो पक्षों में टकराव और पथराव शुरू हो गया। स्थिति को काबू करने को अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर हालात को काबू किया। घटना में पुलिस की गाड़ी समेत कुछ निजी वाहन क्षतिग्रस्त हुए। कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं। इस मामले में पुलिस द्वारा हिंदूवादी संगठन के नेता विकास वर्मा को हिरासत में लेने के बाद उग्र भीड़ ने हंगामा कर पलटन बाजार बंद करा दिया। व्यापारियों ने यहां घंटाघर पर हनुमान चालीसा पाठ शुरू कर दिया। तनाव के चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यूपी के बदायूं जिले का एक युवक सेलाकुई के इंडस्ट्रियल एरिया में नौकरी करता है। गुरुवार शाम बदायूं से एक किशोरी दून रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उक्त युवक उससे मिलने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा। इसकी जानकारी पाकर इकट्ठा हुए एक समुदाय के लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। इस घटना की सूचना दूसरे समुदाय के लोगों को मिली तो वो भी एकत्र होकर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। यहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। विवाद की सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पथराव में कुछ निजी वाहनों के साथ ही पुलिस के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पूरे शहर की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। एसएसपी अजय सिंह मौके पर पहुंचे और रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्र में पुलिस को लेकर गश्त की। साथ ही पुलिस ने लोगों को शांत रहने की अपील की और कहा-कोई भी कानून को हाथ में लेने की कोशिश ना करे। अगर इस तरह का प्रयास किया तो पुलिस कार्रवाई करेगी। उधर मामले में घायल एक युवक का अस्पताल का उपचार कराया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि मामले में जिन लोगों ने कानून को हाथ में लिया उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। युवक और लड़की को जीआरपी और आरपीएफ थाने में अलग-अलग स्थान पर रखा गया।

