नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अमेरिकी डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर के साथ मुलाकात के बाद भाजपा के निशाने पर हैं। इलहान की भारत विरोधी के तौर पर पहचान है। 2022 में इल्हान पाकिस्तान दौरे पर आई थीं। इस दौरान वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) भी गई थीं। भारत ने उनके दौरे पर सख्त आपत्ति जताते हुए इसकी निंदा की। इसके बाद बाइडन प्रशासन को इस मामले में सफाई देनी पड़ी थी। भारत की आपत्ति के बाद अमेरिकी सरकार ने इल्हान के दौरे से पल्ला झाड़ लिया था। सरकार ने कहा था कि उनका दौरा अमेरिकी सरकार द्वारा प्रायोजित नहीं था। जिस वक्त पाकिस्तान में सत्ता के लिए बवाल चल रहा था। इमरान अमेरिका पर उनकी सरकार गिराने की साजिश रचने का आरोप लगा रहे थे। तब भी इल्हान उमर पाकिस्तान गई थीं। एक ओर इमरान पाकिस्तानी जनता को यह बता रहे थे कि अमेरिका उनके खिलाफ साजिश रच रहा है वहीं, दूसरी ओर इल्हान उमर पाकिस्तान जाकर उसी इमरान खान से मिल रही थीं। कट्टरपंथी छवि वाली इल्हान इस्राइल के विरोध के लिए भी जानी जाती हैं। इसी वजह से उन्हें विदेश मामलों की समिति से मतदान के बाद हटा दिया गया था।

