देहरादून। भाजपा के प्रदेश चुनाव मीडिया सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश चुनाव प्रभारी दुष्यंत गौतम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेश बंसल तथा महामंत्री संगठन अजय कुमार की मौजूदगी में अबकी बार चार सौ पार के संकल्प के साथ किया गया। सीएम धामी ने कहा कि चुनाव वातावरण से साफ है कि देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने सीएम की उपस्थिति में होने वाली प्रत्याशी नामांकन तारीखों ऐलान करते हुए हरिद्वार से पहले ऑनलाइन नामांकन की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, आज पीएम मोदी और भाजपा के पक्ष में देश में शानदार माहौल है । उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मोदी जी के दिल में बसता हैं और यहां के लोगों के दिल में मोदी है। हम सब मोदी का परिवार हैं, इसलिए सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए पांचों सीट उनकी झोली में अर्पित करना है । धामी ने कहा, केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास एवं जन कल्याणकारी नीतियों का ही परिणाम है कि उत्तराखंड की जनता में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने बताया, हाल फिलहाल में 25 स्थान पर प्रदेश में बड़े कार्यक्रमों में उन्हे शामिल होने का मौका मिला जिसमें 18 कार्यक्रम मातृशक्ति के थे। वहां हजारों हजार लोगों की भीड़ पूरी तरह आश्वस्त करती है कि डबल इंजन की सरकार के काम पर जनता का आशीर्वाद और भरोसा है। हमारी पार्टी के कार्यकर्ता बूथ और पन्ना स्तर तक चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है । इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

