Skip to main content

TR NEWS UP-UK

अपने शरीर का उपयोग राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिये करें: शान्तनु महाराज

*कहा- जिन घरों में साधु-संतों का आगमन नहीं होता, वे उसी फलदार वृक्ष के समान हैं, जिन पर बड़े-बड़े सांप लिपटे होते हैं*

*रेशु प्रांगण में चल रही अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा में झुग्गी-झोपडी वालों को दिया गया विशेष निमंत्रण*

मुजफ्फरनगर, 16 नवम्बर। रेशु विहार स्थित रेशु प्रांगण में चल रही अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने अपने श्रीमुख से भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की लीलाओं का बहुत ही सुन्दर तरीके से वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्री कृष्ण जी के जन्म के अवसर पर रेशु विहार गार्डन में रुद्राक्ष के 2 वृक्ष लगाये गये, जिनको लगाना अत्यंत शुभ, आध्यात्मिक और पर्यावरण-अनुकूल माना जाता है। आज की कथा में श्रीकल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जी ने पहुंचकर समस्त श्रद्धालुओं का अपना आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर रेशु परिवार ने समस्त संतों एवं श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत कर उनका आभार जताया। मंगलवार की श्रीमद् भागवत कथा में कनखल हरिद्वार से शारदा पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज भी भक्तों को दर्शन देंगे। श्रीमद् भागवत कथा में लगातार संतों के आने से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

 

श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर कथाव्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने कहा कि जिसके ऊपर भगवान की कृपा होती है, उसके ऊपर सभी कृपा करते हैं। महाराज श्री ने कहा कि जिन गृहस्थों के घरों पर साधु-संतों का आगमन नहीं होता, वे घर उसी फलदार वृक्ष के समान होते हैं, जिन पर बडे-बडे सांप लिपटे होते हैं। महाराज श्री ने कहा कि हमारे शरीर का उपयोग राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिये हो जाये तो यही जीवन की सार्थकता है। महाराज अंग की कथा सुनाते हुए महाराज श्री ने कहा कि इनका बेटा वेन हुआ, जो बहुत दुराचारी था, जिससे परेशान होकर अंग अपने ही राज्य में एक गुफा में जाकर छिप गये। श्री शान्तनु जी महाराज ने कहा कि यही कारण है कि व्यक्ति को उत्तम संस्कारी संतान का निर्माण करना चाहिये, अन्यथा बुढ़ापे में ऐसे ही रोना पड़ता है। महाराज पृथु की कथा सुनाते हुए महाराज श्री ने कहा कि महाराज पृथु बडे ही धर्मात्मा राजा हुए, जिनके प्रताप के कारण ही इस धरा का नाम पृथ्वी पड़ा। श्री शान्तनु जी महाराज ने बताया कि महाराज पृथु ने यज्ञ किया, फलस्वरूप भगवान से 10,000 कान मांग लिये, क्योंकि 2 कानों से भगवान की कथा सुनने से मन नहीं भरता। महाराज श्री ने कहा कि जिन कानों में भगवान की कथा प्रवेश नहीं करती, वो कान साँप के बिल के समान हैं। सनत्कुमारों ने महाराज पृथु को उपदेश देते हुए कहा कि आप आत्म वस्तुओं से संग करो, जिसके पश्चात महाराज पृथु ने दक्षिणा स्वरूप अपना सम्पूर्ण राज्य दान में दिया, जिसे सनत्कुमारों ने स्वीकार करके पुन: महाराज पृथु को वापस लौटा दिया। प्राचीनवर्हि की कथा सुनाते हुए श्री शान्तनु जी महाराज ने कहा कि पशु बलि किसी भी दृष्टि से ठीक नहीं है, इसलिये सबको शाकाहारी रहना चाहिये।

पुरंजनोंपाख्यान सुनाते हुए महाराज जी ने कहा कि जीवात्मा और परमात्मा में क्या सम्बन्ध है, इसका ज्ञान होना चाहिये। ऋषभदेव की कथा सुनाते हुए महाराज जी ने बताया की यहीं से जैन मत का प्रारम्भ हुआ। जड़भरत जी की कथा सुनाते हुए महाराज जी ने कहा कि आत्मा अजर अमर है, इसे कोई नष्ट नहीं कर सकता। इसके पश्चात शुकदेव जी ने नरको का वर्णन किया है, जिससे बचने का उपाय केवल भगवान का नाम है, इसके उदाहरणस्वरूप शुकदेव जी ने अजामिलोपाख्यान सुनाया। इसके बाद विश्वरूप की कथा सुनाई, जिसे देवताओं का गुरु बनाया गया, जिनका वध इन्द्र द्वारा कर दिया गया, जिस कारण इन्द्र को ब्रह्म हत्या का पाप लगा, जिसे इन्द्र ने चार स्थानों पर बाँट दिया- पहला ऊसर भूमि, दूसरा स्त्रियों में रज के रूप में, तीसरा जल में झाग के रूप में, चौथा वृक्षों में गोंद के रूप में। इसके पश्चात महाराज श्री ने हिरण्यकशिपु की कथा सुनाई, जिसका अन्त करने के लिये भगवान को नृसिंह भगवान के रूप में अवतार लेना पड़ा। इसी के पुत्र प्रह्लाद जी भगवान के परम भक्त हुए, उनके पिता द्वारा विभिन्न प्रकार की यातनाएं देने के बाद भी भगवान के प्रति उनका विश्वास नहीं डिगा। अन्त में भगवान ने स्वयं खम्भे से प्रकट होकर हिरण्यकशिपु का अन्त किया। इसके पश्चात महाराज श्री ने भगवान के हरि अवतार की कथा सुनाई, जिसका अर्थ यह है कि यह संसार बने का साथी है। इसके बाद महाराज जी ने समुद्रमन्थन की कथा सुनाई, जब दैत्य अमृत लेकर भागने लगे, तब भगवान ने मोहिनी अवतार लेकर सभी दैत्यों को मोहित कर लिया और सभी देवता अमृत पी गये। राजा बलि से पृथ्वी को मुक्त करने के लिये भगवान ने वामन रूपधारण किया और वामन भगवान ने तीन पग में ही सम्पूर्ण पृथ्वी को नाप लिया है और सम्पूर्ण पृथ्वी को ही दानस्वरूप मांग लिया। इसके बाद भगवान राम की कथा सुनाई है और उसके बाद भगवान कृष्ण की कथा सुनाई। महाराज श्री ने कहा कि जब धरती पर जरासंघ और कंस आदि आततायियों का आतंक बढ गया, तब भगवान ने मथुरा में देवकी माँ के गर्भ से कंस की जेल में जन्म लिया। इसके पश्चात वसुदेव जी ने भगवान को गोकुल में नन्द बाबा के यहां पहुंचा दिया। इसके बाद नन्द भवन में आनन्द ही आनन्द छा गया और चारों तरफ बधाईयां गाई जाने लगी, सम्पूर्ण नन्दगांव आनन्द से सराबोर हो गया।

 

अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के लिये रेशु परिवार की ओर से झुग्गी-झोपडी वालों को विशेष निमंत्रण दिया गया है। ज्ञातव्य है कि रेशु प्रांगण में कथा प्रारम्भ होने के साथ ही भोजन प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग, शुद्ध पेयजल, जूतों के उचित रखरखाव और शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। श्रीमद् भागवत कथा में साधु-संतों, राजनीतिज्ञों, अधिकारियों, उद्यमियों, व्यापारियों, किसानों एवं महिला श्रद्धालुओं के आगमन से समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।

 

इस अवसर पर माननीय मंत्री कपिल देव अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व विधायक अशोक कंसल, रामनिवास पाल एवं रेशू परिवार समेत हजारों श्रद्धालुओं ने श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *