शामली। सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या करने वाले दो शूटरों की शिनाख्त हो गई है। शूटरों के नाम आर्यन और सत्यम बताए जा रहे हैं। दोनों की फोटो भी सामने आ गई हैं। बताया जा रहा है कि दोनों शूटर कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े हुए हैं। इस बीच पूर्व विधायक संगीत सोम ने बंती खेड़ा पहुंचकर परिवारजनों को सांत्वना दी और आशा जताई कि हत्यारे जल्द पकड़े जाएंगे।
गौरतलब है कि शामली कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी पर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस दोनों शूटरों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने चार लोगों को लेकर पूछताछ की है। इस बीच अंकित की शवयात्रा में पीला गमछा डाले एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि गोगी गैंग से जुड़े सदस्य कई बार पीले गमछे का इस्तेमाल करते हैं। पुलिस ने शवयात्रा में शामिल इस युवक की गतिविधियों और पहचान की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर युवक की पहचान और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही उसके संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।

