देहरादून। हिमाचल प्रदेश में सियासी सरगर्मी के बीच राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में अयोग्य घोषित किए गए कांग्रेस के छह और तीन निर्दलीय विधायकों को चंडीगढ़ से उत्तराखंड लाया गया। इन सभी को कड़ी सुरक्षा के साथ ऋषिकेश के एक बड़े होटल में ठहराया गया है।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को इन विधायकों को चंडीगढ़ से एक चार्टर्ड प्लेन से जौलीग्रांट हवाई अड्डे लाया गया। जौलीग्रांट से उन्हें ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग स्थित एक बड़े होटल में लाकर रखा गया है। ऋषिकेश लाए गए अयोग्य घोषित विधायकों में सुधीर शर्मा, राजिंदर राणा, इंदरदत्त लखनपाल, देविंदर कुमार भुट्टू, रवि ठाकुर व चैतन्य शर्मा शामिल हैं। इनके अलावा तीन निर्दलीय विधायक होशियार सिंह, केएल ठाकुर, आशीष शर्मा और भाजपा के दो विधायक विक्रम ठाकुर व त्रिलोक जम्वाल भी उनके साथ बताए गए हैं। अयोग्य घोषित विधायकों को लेकर हिमाचल की राजनीति अब बहुत कुछ सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर निर्भर करेगी। इन नेताओं को कोर्ट से राहत मिली तो भाजपा हिमाचल प्रदेश में भाजपा फ्लोर टेस्ट की मांग कर सकती है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के इन विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप है। हिमाचल में जो हालात हैं उसमें फ्लोर टैस्ट कांग्रेस पर भारी पड़ सकता है।