जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास बुच्छार इलाके में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकवादी को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। भारतीय सेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस को उरी सेक्टर के बुच्छार इलाके में आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश के बारे में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इस इनपुट के आधार पर सेना और पुलिस ने 14 और 15 मार्च 2026 की दरम्यानी रात को एक संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान, मुस्तैद जवानों ने घने जंगलों के बीच एक आतंकवादी की संदिग्ध गतिविधि देखी। सुरक्षाबलों ने तुरंत अपनी स्थिति को बदला और आतंकवादी को चुनौती दी। खुद को घिरा देख आतंकवादी ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने सटीक निशाना साधा और मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया।