मुजफ्फरनगर। वहलना की एक फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर मिलावटी सरसों, राइस ब्रान यानि चावल के तेल के साथ रिफाइंड में बड़े पैमाने पर मिलावट के खेल पकड़ा गया है। तेल में प्रतिबंधित आरजीमोन, कलर और अरंडी के तेल मिलाने की पुष्टि हुई है। टैंकरों में भरा कई हजार लीटर सरसों और राइस का तेल व रिफाइंड, 17 के करीब ब्रांड के रेपर भी मिले। सहारनपुर से आई खाद्य विभाग की टीम ने यहां छापा मारकर हजारों लीटर मिलावटी तेल और रिफाइंड बरामद किया है। एफएसडब्लू की प्राथमिक जांच में प्रतिबंधित आरजीमोन, कलर और अरंडी के तेल मिलाने की पुष्टि हुई है। खाद्य विभाग की टीम ने लाखों का माल जब्त करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि मौके पर मिले फैक्ट्री मालिक ने मिलावट खोरी से इंकार किया है।
सहारनपुर मंडल के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी की अगुवाई में गठित टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल चौधरी, अनंत कुमार, अश्वनी, और पूनम शर्मा ने आज एक गोपनीय सूचना के आधार पर वहलना गांव के बाहर चल रही काव्य ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारकर हजारों लीटर तेल और विभिन्न ब्रांड के रैपर बरामद किए हैं । खाद्य विभाग की टीम ने पुलिस की टीम के साथ जांच पड़ताल की। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर कलर, अरंडी का तेल के अलावा कुछ प्रतिबंधित सामान भी जब्त किया है।
खाद्य टीम के साथ आई एफएसडब्लू की जांच में सरसों और राइस के तेल और रिफाइंड में प्रतिबंधित आरजी मोन, कलर और अरंडी के तेल मिले होने की पुष्टि हुई है। टीम ने फैक्ट्री से 17 के करीब विभिन्न ब्रांड के रेपर बरामद किए है। हालांकि यह रेपर किसी नामी कंपनी से जुडे़ नहीं है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी ने बताया कि जांच के दौरान बड़े पैमाने पर सरसों के तेल और रिफाइंड में मिलावट किए जाने की पुष्टि हुई है। यहां से 8 नमूने लेने के साथ हजारों लीटर तेल, रिफाइंड जब्त किया गया है। यह तेल टैंकरों में भरा हुआ था। यही नहीं प्राथमिक जांच में प्रतिबंधित आरजी मोन, कलर और अरंडी के तेल मिलाने की हुई पुष्टि हुई है। बाकी रिपोर्ट नमूनों की जांच में आ जाएगी। यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है, जिसमें संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उधर काव्य ट्रेडिंग कंपनी के संचालक विक्रांत मित्तल ने मिलावटखोरी के आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि उनके यहां किसी तरह से तेल अथवा रिफाइंड का उत्पादन नहीं होता है। वो तो तेल और रिफाइंड मंगाकर उसे अपने ब्रांड में पैक कराकर बेचते है।


