मुजफ्फरनगर। शहर नगरपालिका क्षेत्र के रामलीला टिल्ला व हनुमान पूरी में भारी जलभराव से परेशान नागरिकों के हंगामे के बाद पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यहां पानी की निकासी के लिए 18 करोड़ रुपये की लागत से नाला बनवाया जाएगा। इसकी मंजूरी हो चुकी है।
इलाके में जलभराव के चलते सुबह महिलाओं द्वारा सड़क जाम करने के दौरान हंगामा हुआथा। तब आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया था। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शाम पांच बजे जनता के बीच पहुँचने का आश्वासन देते हुए यह जाम खुलवाया था। पांच बजे तक मंत्री नहीं पहुंचे, तो नाराज लोग फिर से सड़क पर उतर आये और महिलाओ ने रामलीला टीला न्याजुपूरा मार्ग पर तख्त बिछाकर सड़क बंद करते हुए धरना शुरू कर दिया। उन्होंने विधायक मिथलेश पाल का घेराव किया था। मंत्री अनिल कुमार के सामने भी समस्या रखी थी।
महिलाओ और क्षेत्र वासियों का कहना था कि जब तक मंत्री कपिल देव अग्रवाल नहीं पहुंचेंगे सड़क पर यातायात बंद ही रहेगा। इसके बाद रात साढे आठ बजे मंत्री कपिल देव अग्रवाल लोगों के बीच पहुंचे और भरोसा दिया कि क्षेत्र में जल निकासी को बेहतर किया जायेगा। उन्होंने बताया कि काली नदी नजदीक होने के कारण यहां जल भराव की समस्या है। यहां 18 करोड़ की लागत से नाले का निर्माण कराकर इसका समाधान कराया जाएगा।