मुजफ्फरनगर । थाना ककरौली क्षेत्र के बेहड़ा सादात गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। युवती की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं और शंकाएं उठ रही हैं, जिसके चलते मामले की गहन जांच की मांग जोर पकड़ती जा रही है। गांव निवासी मोहम्मद कामिल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजने के साथ ही मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी प्रार्थना पत्र दर्ज कराकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि बीती 24 जनवरी को मोहल्ले की एक 20 वर्षीय युवती की अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि युवती की मौत के बाद उसके परिजनों ने बिना किसी सूचना या जांच के जल्दबाजी में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस घटना के बाद से गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग युवती की मौत को संदिग्ध मान रहे हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि युवती की मौत के कारणों को लेकर परिजन गांव में किसी को भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं, जिससे मामला और भी गहराता जा रहा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं परिजनों द्वारा युवती की हत्या कर मामले को दबाने की कोशिश तो नहीं की गई। मोहम्मद कामिल ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी तरह की साजिश या हत्या का मामला सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सच सामने आ सके और न्याय मिल सके।


