Taja Report

मुजफ्फरनगर होली पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल की अनूठी पहल,ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवानों संग मनाया रंगोत्सव

मुजफ्फरनगर। होली के पावन पर्व पर जहां पूरा देश रंगों के उत्सव में सराबोर है, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए अपना समय उन पुलिसकर्मियों के साथ बिताया, जो आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सड़कों और प्रमुख चौराहों पर मुस्तैदी से तैनात रहे। अपनी विधानसभा क्षेत्र मुज़फ्फरनगर में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शिव चौक, महावीर चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से भेंट की और उनके साथ होली की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर मंत्री ने पुलिसकर्मियों को अपने हाथों से पारंपरिक गुंजिया खिलाई और मिठाई वितरित कर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उनके इस आत्मीय व्यवहार से जवानों के चेहरे खिल उठे और कुछ समय के लिए चौराहों पर उत्सव जैसा सौहार्दपूर्ण वातावरण बन गया। मंत्री कपिल देव ने कहा कि जब पूरा समाज परिवार के साथ त्योहार का आनंद लेता है, तब हमारे पुलिसकर्मी अपनी खुशियों का त्याग कर नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में समर्पित रहते हैं।

उन्होंने पुलिस बल के साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता के कारण ही होली जैसे बड़े त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होते हैं। अंत में मंत्री कपिल देव ने समस्त प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और आपसी सौहार्द के रंग भर दे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *