मुजफ्फरनगर। दिल्ली देहरादून राजमार्ग पर छपार के पास दर्दनाक हादसे में पति पत्नी और मासूम बेटे की दुखद मौत हो गई।
बताया जाता है कि हरियाणा के गुरुग्राम राठीवास गांव निवासी दो परिवार गंगा स्नान के लिए निकले थे। दिल्ली-दून हाईवे पर छपार टोल के पास बीती रात करीब ढाई बजे उनकी कार ओवरटेक करते हुए ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। टोलकर्मी और पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। दर्दनाक हादसे में परिवार के लोग कार के भीतर ही फंसे रह गए और अभिषेक(28), उनकी पत्नी पूजा (26) और चार साल के बेटे निशांत की मौके पर ही मौत हो गई। कार में मौजूद दूसरे परिवार के सदस्य सुमित, उसकी पत्नी कविता और उनकी तीन साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। ये सभी परिजन हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। परिजनों को सूचना दे दी गई है।


