मुजफ्फरनगर। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना बुढाना के नवीनीकरण व सौन्दर्यीकरण का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया गया।
एडीजी मेरठ जोन, मेरठ भानु भास्कर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना बुढाना के नवीनीकरण एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया, कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर श्री आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अतुल कुमार चौबे, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के0 मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी खतौली श्री रामआशीष यादव, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्रपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक बुढाना श्री सुभाष अत्री सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
थाना बुढाना में कराए गए नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यों के अंतर्गत थाना परिसर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं जनोन्मुखी स्वरूप प्रदान किया गया है। बैरकों का सौन्दर्यीकरण करते हुए उन्हें स्वच्छ, हवादार एवं सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों के रहने एवं कार्य करने के वातावरण में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त आमजन की सुविधा एवं पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने हेतु थाना परिसर में वात्सल्य कक्ष (महिलाओं एवं बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण), ई-मालखाना (डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली के माध्यम से जब्त माल की सुरक्षित एवं व्यवस्थित निगरानी), मिशन शक्ति केन्द्र (महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियों हेतु), विवेचना कक्ष (गोपनीय एवं गुणवत्तापूर्ण जांच कार्य हेतु), सीसीटीवी कंट्रोल रूम (थाना एवं आसपास के क्षेत्रों की सतत निगरानी हेतु) तथा कम्प्यूटर कक्ष (डिजिटल कार्यों के सुचारु संचालन हेतु) की स्थापना की गई है।
कार्यक्रम के दौरान एडीजी महोदय द्वारा थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना न केवल पुलिस कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाएगा, बल्कि आमजन में विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि थाना परिसर में स्वच्छता, अनुशासन एवं जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद के थानों को आधुनिक एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग करते हुए अपनी कार्यशैली में और अधिक पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एडीजी द्वारा ग्राम प्रहरियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, सतर्कता एवं पुलिस को दिए जा रहे सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय एवं सजग रहने हेतु प्रेरित किया गया।