Taja Report

फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के होली मिलन समारोह में जमकर उड़ा गुलाल

मुजफ्फरनगर। फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा फेडरेशन भवन में होली मिलन समारोह का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

समारोह में अध्यक्ष नीलकमल पुरी, सचिव अभिषेक अग्रवाल, सह सचिव आशीष गर्ग, कोषाध्यक्ष  आशीष बंसल, उपाध्यक्ष  अश्वनी मित्तल सहित फेडरेशन से जुड़े अनेक उद्योगपति एवं सदस्य उपस्थित रहे। शहर के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल का विशेष आगमन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। साथ ही पूर्व विधायक अशोक कंसल , व्यापार मंडल के पदाधिकारी, एवं शहर के गणमान्य चिकित्सक तथा विभिन्न संस्थाओं से जुड़े सम्मानित नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष नीलकमल पुरी द्वारा सभी अतिथियों का गुलाल एवं पुष्पमाला से स्वागत कर की गई। इसके पश्चात होली गुलाब के फूलों, चंदन के तिलक एवं रंगों के साथ पारंपरिक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में खेली गई। सचिव अभिषेक अग्रवाल ने मंच संचालन करते हुए चुटकुलों, शायरी और हास्य के माध्यम से पूरे आयोजन में समां बांधे रखा।

समारोह के दौरान उपस्थित सदस्यों ने भी अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया—किसी ने गीत गाए, किसी ने शायरी एवं कविताएं प्रस्तुत कीं, तो किसी ने नृत्य एवं हास्य के माध्यम से सभी का मनोरंजन किया। पूरा फेडरेशन भवन रंग, उमंग और भाईचारे के भाव से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया और आपसी प्रेम व सौहार्द के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। यह होली मिलन समारोह फेडरेशन की एकता, सक्रियता और पारिवारिक भावना का सुंदर उदाहरण बनकर सभी के मन में विशेष स्थान छोड़ गया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *