बिजनौर। गंगा बैराज का तटबंध टूटने की कगार पर है। रिसाव बढ़ने के चलते मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे को बस और ट्रक के लिए बंद कर दिया गया है। फिलहाल कार और बाइक निकल रही हैं, लेकिन पुलिस ने साफ कर दिया है कि हालात बिगड़ते ही यह मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता भी मौके पर पहुंचे और बैराज तटबंध का जायजा लिया। तकनीकी विशेषज्ञों से परामर्श के बाद बैराज के गेट संख्या एक से छह तक बंद कर दिए गए। अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य जलाशय में पानी रोककर उसका रुख दूसरी ओर करना है ताकि तटबंध को बचाया जा सके। इसके बावजूद कटान का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही मिट्टी कटान से आसपास के गांवों के लोग डरे और सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द हालात काबू में नहीं आए तो गांवों पर खतरा मंडरा सकता है।


