Taja Report

आगामी जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम

मुज़फ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार, मुजफ्फरनगर में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) गजेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आगामी जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य को प्रभावी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना रहा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद स्तरीय समस्त अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग कर जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, हाउस लिस्टिंग एवं जनसंख्या गणना के विभिन्न चरणों, प्रपत्रों के सही एवं त्रुटिरहित संधारण, पर्यवेक्षण व्यवस्था तथा आंकड़ों की शुद्धता एवं गोपनीयता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।

जनगणना निदेशालय द्वारा नामित प्रभारी अधिकारी गौरव कुमार एवं सुश्री ज्योति नामदेव द्वारा प्रशिक्षण के विभिन्न आयामों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। उन्होंने जनगणना की कार्यप्रणाली, डिजिटल माध्यमों के उपयोग, फील्ड स्तरीय सत्यापन प्रक्रिया, समय-सीमा के अनुपालन तथा रिपोर्टिंग प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अधीनस्थ कर्मचारियों को भी प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान कर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)  गजेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अत्यंत संवेदनशील एवं व्यापक कार्य है, जिसके आधार पर शासन द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं एवं नीतियों का निर्धारण किया जाता है। अतः सभी अधिकारी पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा सभी ने जनगणना–2027 को सफल बनाने हेतु समन्वित एवं सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *