मुजफ्फरनगर । नई मंडी इलाके के कूकड़ा गांव में अपनी 19 साल की बेटी के हत्यारोपी पिता ने पुलिस के सामने आकर अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि ”बेटी ने उसकी दाढ़ी का भी ख्याल नहीं किया और मना करने के बावजूद प्रेमी से फोन पर बात करना बंद नहीं किया, जिस कारण उसने घर में रखी छूरी से उसकी हत्या कर दी। “
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेते हुए उसकी निशानदेही पर छूरी को बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जबकि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पिता शाहिद ने कबूल किया कि “इज्ज़त की खातिर उसने ही अपनी बेटी शाहनुमा का खून किया है। ” शाहिद ने कहा कि “मैंने छूरी से बेटी की हत्या की है. इसमें किसी का कोई रोल नहीं है। ” आरोपी पिता शाहिद बोला, “मैंने बेटी को बार-बार अपनी इज्जत की दुहाई दी। उससे कहा कि मेरी इज्जत का ख्याल कर… मैंने दाढ़ी रखी हुई है। इस काम को मत कर। लेकिन उसकी समझ में कुछ नहीं आ रहा था। वो नहीं मानी। पिछले तीन दिन से वो लगातार फोन पर बात कर रही थी। उसकी समझ में नहीं आ रहा था तो मैं क्या करता?”


