सहारनपुर । सरसावा में किसान सहकारी चीनी मिल सरसावा में लाखों रुपये कीमत का शीरा चोरी करने के मामले में आबकारी उप निरीक्षक अरविंद सिंह तथा शीरा ऑफिस के बाबू शिवकुमार को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।किसान सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक राजकुमार मित्तल ने बताया कि औसतन रोजाना दो या तीन टैंकर शीरे की बिक्री होती थी परंतु बीते कुछ दिनों से अचानक शीरे की बिक्री में तेजी आई तथा रोजाना 10 से 12 टैंकर शीरा बिकने लगा। शनिवार को उनके पास शीरा खरीदने वाली एक फर्म के 12 टैंकरों के नंबर तथा चालकों की सूची आई। शीरा संरक्षित क्षेत्र में उन्हें 14 टैंकर आने की जानकारी मिलते ही वे जांच के लिए पहुंचे तो देखा कि आठ टैंकर शीरा भरकर जा चुके थे तथा 6 टैंकर मौके पर खड़े थे। मौके पर दो टैंकरों में चोरी से भेजने के लिए भरा शीरा भी बरामद हुआ। सहकारी चीनी मिल के केमिस्ट (रसायनविद्) की तहरीर पर पुलिस ने उपनिरीक्षक आबकारी, क्लर्क तथा टैंकरों के दो चालकों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

