मुजफ्फरनगर । नई मंडी पुलिस ने 25 हजार के इनामी माफिया सुशील मूंछ की संपत्ति कुर्क करने के लिए नोटिस चस्पा कर दिया है। हत्या के मामले में कोर्ट ने उसे भगौड़ा घोषित किया हुआ है। नई मंडी पुलिस ने सुशील मूंछ के गांव मथेडी स्थित घर पर कुर्की की उदघोषणा का नोटिस चस्पा किया है।
रतनपुरी के गांव मथेडी निवासी माफिया सुशील मूंछ की नई मंडी कोतवाली पुलिस को हत्या के मामले में कई साल से तलाश है। कोर्ट में सुशील मूंछ के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मामला भी विचाराधीन है। पुलिस गैंगस्टर के कोर्ट में हाजिर न होने पर अक्तूबर 2023 में सुशील मूंछ को भगौड़ा घोषित कर दिया गया था।
एसएसपी अभिषेक सिंह ने जनवरी 2024 में उस पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। इसके बाद भी सुशील मूंछ कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के लिए गठित तीन टीम भी उसका सुराग नहीं लगा पाई है। अब पुलिस कुर्की की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।


