पन्ना। भाजपा विधायक उमा खटीक की बेटी व नगर परिषद चेयरमैन सारिका खटीक को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जाता है कि मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज नगर परिषद की अध्यक्ष सारिका खटीक को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ठेकेदार के बिलों के भुगतान के एवज में यह रिश्वत मांगी थी। सारिका खटीक दमोह जिले के हटा से बीजेपी विधायक उमा देवी खटीक की बेटी हैं। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक पन्ना जिले के अपमानगंज नगर परिषद के आजाद नगर वार्ड निवासी आजाद राज मोदी ने लोकायुक्त पुलिस में शिकायत की थी। इसमें परिषद की अध्यक्ष सारिका खटीक द्वारा उसकी लिफ्टिंग मशीन के चार महीने के बिलों के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी। लोकायुक्त पुलिस ने जांच के बाद गुरुवार (2 मई) को सारिका खटीक पति शारद खटीक अध्यक्ष नगर परिषद अमानगंज को नगर परिषद अमानगंज के कार्यालय में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया है।

