जयपुर। राजस्थान में दूदू के जिला मजिस्ट्रेट हनुमानमल ढाका को मुख्यमंत्री भजनलाल ने देर रात पद से हटा दिया। एसीबी ने डीएम ढाका के खिलाफ 25 लाख रुपए रिश्वत मांगने के प्रकरण में शनिवार को कार्रवाई की थी। इसके बाद देर रात कार्मिक विभाग ने उन्हें पद से हटाकर प्रतीक्षा रत किए जाने के आदेश जारी कर दिए।जमीन कनर्वजन के मामले में कलेक्टर पर पटवारी के जरिए 25 लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत में बताया गया है कि रिश्वत की राशि में से 7.5 लाख रुपए कलेक्टर द्वारा अपने डाक बंगले पर मंगवाया जाना रिकॉर्डिंग वार्ता में स्पष्ट हुआ है।
एसीबी की कार्रवाई की भनक लगने के बाद कलेक्टर खुद परिवादी के घर भी पहुंच गए। लेकिन तब तक एसीबी सारे साक्ष जुटा चुकी थी। शुक्रवार सुबह एसीबी ने दूदू हल्का पटवारी हंसराज और कलेक्टर हनुमानमल ढाका के कार्यालय और आवास पर छापेमारी की। मामले में कलेक्टर, पटवारी के खिलाफ पीसी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

