मुजफ्फरनगर । बारिश और तूफानी हवाएं मतदान के दिन खेल बिगाड़ सकती हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले चार दिन उत्तर भारत व एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर भारत के हिस्से में तूफानी हवाओं और बारिश का अनुमान है। ईरान और अफगानिस्तान के कई हिस्सों में बीती रात से चली चक्रवाती हवाओं असर उत्तर भारत के एक हिस्से पर पड़ने वाला है। ईरान और अफगानिस्तान में बदले मौसम से अपने देश में पड़ने वाले असर पर मौसम विभाग ने बारीक नजर बनाई हुई है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक गुरुवार से लेकर सोमवार तक दिल्ली और एनसीआर समेत कई राज्यों में हल्की-फुल्की बारिश से लेकर भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। पहाड़ी हिस्सों पर बर्फबारी का भी अनुमान है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। वहीं मौसम के बदले हुए मिजाज के चलते मतदान वाले दिन भी स्थिति खराब होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसा हुआ तो वोटिंग पर इसका असर पड़ सकता है।


