

मुजफ्फरनगर । बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा को जुमलेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि इस बार चुनाव में इनकी कोई नाटकबाजी जुमलेबाजी और गारंटी काम आने वाली नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने गरीबों, कमजोर वर्गों और मेहनतकश वर्गों से जो हवा हवाई वादे और गांरटी की थी, उनका तक एक चौथाई भी नहीं हो सका है। गरीबों को जो फ्री में थोडी सी खाद्य सामग्री दी जा रही है उससे भला होने वाला नहीं है, हर हाथ को काम देने से ही गरीबों की समस्या दूर होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों को ही मालामाल किया गया है। सरकार उन्हें छूट देने और उन्हे बचाने में ही लगी रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आए तो अलग पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य बनाया जाएगा।
यहां राजकीय इंटर मैदान और सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि हमारी पार्टी कांग्रेस, भाजपा या किसी भी विरोधी पार्टी के साथ गठबंधन में नहीं है, बल्कि अकेले ही अपने बलबूते पर पूरी तैयारी से चुनाव लड़ रही है। बसपा ने टिकटों में सर्व समाज के लोगों को भागेदारी दी है। यहां भीड़ देख कर उन्हें भरोसा हो गया है कि पिछली बार की तरह ही वे पार्टी को जिताने का काम करेंगे।उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ज्यादातर सरकारें कांग्रेस पार्टी की रही हैं। दलित आदिवासी पिछड़ा वर्ग विरोधी नीतियों के चलते इस पार्टी को सत्ता बाहर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में बीजेपी और इनके सहयेागी दल केंद्र तथा अधिकांश राज्यों में सत्ता में आए। अब बीजेपी की भी जातिवादी, पूंजीवादी नीतियों तथा इनकी कथनी और करनी में भी काफी अंतर होने से इस बार यह लगता है कि यदि यह चुनाव इस बार फ्री और फेयर होता है और वोटिंग मशीनों में कोई कमी नहीं की जाती है तो यह पार्टी भी इस बार केंद्र की सत्ता में वापस आने वाली नहीं है। इस बार चुनाव में इनकी कोई नाटकबाजी जुमलेबाजी और गारंटी आदि काम आने वाली नहीं है। जनता इस बात को समझ चुकी है कि इनकी पार्टी ने गरीबों, कमजोर वर्गों और मेहनतकश वर्गों से जो हवा हवाई वादे और गांरटी की थी, उनकी जमीनी हकीकत सामने आ चुकी है। इस सरकार ने पूंजिपतियों को ही मालामाल किया है। उन्होंने कहा कि हमने सरकारी भर्तियों में कभी भेदभाव नहीं किया। उन्होंने अगग पश्चिमी उत्तर प्रदेश की भी वकालत की। उन्होंने कहा कि सेन्टर में जब हमारी सरकार बनेगी तो अलग से पश्चिमांचल का अलग प्रदेश बनाने का कार्य करेगें। उन्होंने कहा कि कि जाटों को भ्रमित किया जाता है लेकिन हमने उन्हें भर्ती में पूरा स्थान दिया और गन्ने का दाम बढाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुसलमानों और जाटों के बीच खाई पैदा करने का काम किया।
प्राइवेट सेक्टर में आरक्षण की व्यवस्था न दिए जाने के प्रावधान के चलते देश में आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मुस्लिम और धार्मिक अल्पसंख्यक समाज के लोगों की हालत भी काफी खराब हो रही है। केंद्र और अधिकांश राज्यों में आरएसएस की सरकार ने नफरत फैलाने का काम किया। इनका उत्पीड़न चरम पर पहुंच गया है। ठाकुर समाज के गरीब लोगों की हालत भी कुछ अच्छी नजर नहीं आ रही है। सरकार की नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर भी गलत असर पड़ा है। छोटा और मध्यम व्यापारी परेशान है। गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई लगातार बढ रही है। भ्रष्टाचार अभी तक कम नहीं हुआ है। देश की सीमाएं भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। ऐसे में आपको भाजपा, कांग्रेस और सहयोगी दलों को केंंद्र की सत्ता में आने से रोकना है। अब ये विरोधी पार्टियां साम, दाम, आदि हथकंडे अपना कर केंद्र की सत्ता में आने की कोशिश करेंगी। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अपने पक्ष में हवा बनाने को मीडिया, ओपनियन पोल का इस्तेमाल कर रही हैं। इनके बहकावे में भी कतई नहीं आना है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी कोई चुनावी घोषणापत्र जारी नहीं करती है। वे कहने में कम और करने में ज्यादा विश्वास करती है। चुनाव में बिना घोषणापत्र के ही उन्होंने एतिहासिक कार्य करके दिखाए हैं, जिनकी नकल बाद में अन्य सरकारों ने की। यदि केंद्र में उन्हें अपनी पार्टी की सरकार बनाने का मौका मिलता तो वे अब तक की सभी विरोधी पार्टी की सरकारों की तरह हवा-हवाई कार्य नहीं करेंगी, बल्कि पहले की तरह जमीनी कार्य करके दिखाएगी। उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में भी पिछले कुछ वर्षों से खासकर मुस्लिम समाज के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है, वह बसपा की सरकार में आने पर बंद होगा। मायावती ने कहा कि प्रदेश और देश हित में अपने वोटों को कांग्रेस, भाजपा और अन्य विरोधी दलों को ना देकर केवल बसपा को दें। जनादेश मिलने पर सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की नीतियों पर केंद्र में सरकार चलाने का काम किया जाएगा। सभा में भारी भीड़ नजर आई। मुस्लिम वोटों पर मायावती का निशाना रहा। बसपा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुजफ्फरनगर में बसपा सुप्रीमो मायावती को मंच पर स्वर्ण मुकुट देकर बसपा नेताओं ने सम्मानित किया। मायावती ने बाबा साहब की चित्र पर पुष्प अर्पित किए। मंच पर शमसुद्दीन राईन, बिजेंद्र सिंह नंद किशोर पुंडीर भी मौजूद थे। निर्दलीय प्रत्याशी करुणा पुंडीर ने बसपा का समर्थन करने का ऐलान किया।
Author: Taja Report
Views: 26


