Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मेरठ भाजपा प्रत्याशी सहित कैंट विधायक का भारी विरोध, जमकर हुई नारेबाजी

मेरठ । जिले के पल्लवपुरम में रामायण के राम और भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल का प्रचार-प्रसार के दौरान भारी विरोध देखने को मिला। इस दौरान लोगों की भीड़ ने कैंट विधायक और भाजपा उम्मीदवार का जमकर विरोध जताया। वहीं, लोगों ने मुर्दाबाद और वापस जाओ की नारेबाजी भी की।
पल्लवपुरम फेज-1 के लोगों ने धरने के दौरान भाजपा प्रत्याशी का विरोध कर दिया। लोगों ने कैंट विधायक और भाजपा प्रत्याशी का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। इतना ही नहीं लोगों ने हाथों में पोस्टर लिए और गाड़ी के आगे खड़े होकर विरोध जताया। वहीं, भाजपा मेयर लोगों को मनाते हुए नजर आए।
पल्लवपुरम फेज-1 के लोग काफी समय से गेट के विवाद को लेकर बिल्डर व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। शनिवार को भाजपा-रालोद गठबंधन के मेरठ-हापुड़ लोकसभा से प्रत्याशी अरुण गोविल प्रचार प्रसार के लिए पल्लवपुरम पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मेयर हरिकांत अहलूवालिया भी साथ थे।
प्रचार के दौरान जैसे ही प्रत्याशी का काफिला पल्लवपुरम फेज वन में पहुंचा तो लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। लोग पहले ही चुनाव का बहिष्कार कर चुके हैं। प्रत्याशी को देखकर लोगों ने मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने प्रत्याशी व कैंट विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और गाड़ी के आगे खड़े होकर हंगामा करते हुए कैंट विधायक पर बिल्डरों के साथ मिले होने के आरोप लगाया। इस दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

वहीं, नारेबाजी के दौरान मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने लोगों से हाथ जोड़कर गाड़ी के सामने से हटने की अपील की, लेकिन लोग नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने किसी तरह लोगों को गाड़ी के आगे से हटाकर काफिले को आगे निकलवाया। भाजपा प्रत्याशी व कैंट विधायक के विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *