Skip to main content

TR NEWS UP-UK

LIVE: अमित शाह और जयंत चौधरी ने मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने का आह्वान किया

मुजफ्फरनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने इसी जमीन से किसानों की आवाज उठाने का काम किया। मोदी सरकार किसानों के लिए काम कर रही है। गन्ने का भाव 340 रुपये करने के साथ भुगतान की व्यवस्था सरकार ने की है। दो लाख पचास हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। बंद पड़ी चीनी मिलों को चलाने के साथ पांच नई चीनी मिलें स्थापित की गई। पेट्रोल में एथनॉल मिलाने से किसानों की आय बढ़ रही है। अमित शाह ने धारा 370 हटाने और मोदी सरकार की अन्य उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी और लोकदल एक साथ हैं। अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने गन्ने के लिए राष्ट्रीय नीति बनाकर ढेर सारे बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि आप याद कीजिये जब कांग्रेस की सरकार थी, तब गन्ने की FRP 210 रुपये प्रति क्विंटल थी। आज इसे 340 रुपये प्रति क्विंटल करने का काम मोदी जी ने किया है। भुगतान की जहां तक बात है, आज 2 लाख 50 हजार करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान करने का काम भाजपा की सरकार ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा के शासन में 19 चीनी मिलें बंद हुई, अखिलेश के शासन में 10 चीनी मिलें बंद हुई। लेकिन भाजपा के शासन में 20 से अधिक चीनी मिलों को शुरू किया गया और 5 नई चीनी मिलें बनाने का काम भी हमारी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी जी ने कश्मीर से आतंकवाद को समाप्त करने का काम किया है। सर्जिकल स्ट्राईक और एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों का सफाया करने का काम मोदी जी ने किया है। अमित शाह ने कहा कि घमंडिया गठबंधन, जिसमें अखिलेश यादव की पार्टी और कांग्रेस पार्टी है, ये कभी नहीं चाहते थे कि अयोध्या में राम मंदिर बने। कांग्रेस ने 70 साल तक राम जन्मभूमि के मुद्दे को अटकाकर, लटकाकर और भटकाकर रखा। मोदी जी ने केस भी जीता, भूमि-पुजन भी किया और 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी। उन्होंने कहा कि 2014 में जब मैं यहां आया था, उस समय कैराना, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से पलायन चालू हो गया था। आपने 2017 में भाजपा की सरकार बनाई और योगी सरकार ने यहां पर गुंडों का आतंक बंद करके यहां पलायन रोका है और लोगों को सुरक्षित किया है।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जो घमंडिया गठबंधन इकट्ठा हुआ है, उसमें 12 लाख करोड़ रुपये के घपले-घोटाले, भ्रष्टाचार करने वाले लोग एकत्र हुए हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि मोदी जी चौधरी चरण सिंह जी के गौरव समारोह में आए, उसी दिन घमंडिया गठबंधन ने भ्रष्टाचारी रैली आयोजित की और उस रैली में भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने की बात की। उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन का मकसद परिवार के लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनाना है। जबकि मोदी जी का मकसद देश के किसान, गरीब, मजदूर, दलित और आदिवासी को मजबूत बनाकर अपने पैरों पर खड़ा करना है।
रैली के मंच से बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस बार चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ करना है। इसी भूमि से चौधरी चरण सिंह ने किसानों की आवाज उठाने का काम किया। भाजपा सरकार ने गरीब कल्याण के कार्य किए। गन्ने के दाम बढ़ाए। बसपा ने 19, सपा ने 10 बंद कराई, जबकि बीजेपी ने मिलें शुरू कराईं। कश्मीर हमारा है, बीजेपी सरकार ने धारा 370 हटाई। सपा कांग्रेस का घमंडिया गठबंधन कभी राम मंदिर नहीं बनने देता। कैराना से पहले पलायन होता था। 2017 के बाद यूपी से गुंडे पलायन करने लगे हैं। उनका मकसद परिवार के आदमी को सीएम और पीएम बनाना है, बीजेपी गरीबों को आगे बढ़ा रही है।
संचालन कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष ने जयंत चौधरी को बुलाते समय उनका नाम चौधरी अजीत सिंह पुकारा तो जनसभा में सन्नाटा सा छा गया। मंच पर मौजूद अन्य नेताओं द्वारा जब भाजपा जिला अध्यक्ष को उनकी भूल का एहसास कराया गया तो उन्होंने शुद्धिकरण करते हुए चौधरी जयंत सिंह को मंच पर संबोधन के लिए बुलाया। बाद में जयंत चौधरी ने भी इस पर टिप्पणी करते हुए चौधरी अजित सिंह को याद किया। शाहपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सभा स्थल के मंच पर पहुंचकर जनता का अभिवादन किया।
मंच पर परिवहन मंत्री दयाशंकर और नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड मंत्री राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति व त्रिलोक त्यागी के अलावा नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व सांसद राजपाल सैनी, एमएलसी वंदना वर्मा, खतौली विधायक मदन भैया, पूर्व सांसद और मंत्री अनुराधा चौधरी, मेरठ भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, मुजफ्फरनगर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिला अध्यक्ष संदीप मलिक मौजूद रहे। शाहपुर चेयरमैन के अलावा श्याम पाल भाई जी भी मौजूद थे।

रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी पहले ही यहां पहुंच गए थे। कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत किया। शाहपुर के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में लोकसभा चुनाव को लेकर गृहमंत्री विशाल जनसभा को संबोधित किया। भारी भीड़ वहां मौजूद रही।
विधायक राजपाल बालियान ने जयंत को चौधरी चरण सिंह का चित्र भेंट किया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *