नोएडा । सेक्टर 47 में मुजफ्फरनगर के मूल निवासी एक चीनी व्यापारी ने अपने घर में लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया जाता है कि व्यवसायी पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे।
नोएडा के थाना सेक्टर 49 प्रभारी अनुज सैनी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 47 के डी ब्लॉक में अनिल कपूर 56 वर्ष अपने परिवार के साथ रह रहे थे। बीती रात्रि वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद परिजनों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन तुरंत दौड़कर कमरे में पहुंचे तो अनिल लहूलुहान पड़े हुए थे। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि चीनी व्यापारी अनिल कपूर पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

