Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मोदी और योगी समेत तमाम भाजपा स्टार कूदेंगे पहाड़ के चुनाव प्रचार में

देहरादून। उत्तराखंड में प्रथम चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत सात केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हैं।
बीजेपी के स्टार प्रचारकों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, धामी मंत्रिमंडल के सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यसभा सदस्य और भाजपा नेता शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अप्रैल के बाद राज्य में दो-तीन सभाएं संभावित हैं। यद्यपि, पार्टी संगठन की नजर कांग्रेस की सभाओं पर भी रहेगी। यदि संगठन महसूस करेगा तो प्रधानमंत्री की सभाओं की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भी राज्य में कम से कम चार-चार सभाएं हो सकती हैं। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह की भी सभाएं रखी गई हैं। रक्षा मंत्री और जनरल वीके सिंह की सभाओं के पीछे पार्टी की मंशा सैनिक बहुल उत्तराखंड के यहां के सैनिक परिवारों को साधने की है।

सीएम योगी के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पार्टी के स्टार प्रचारक हैं, उनके माध्यम से युवाओं, संतों को साधने का प्रयास रहेगा। इसी तरह नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट के अंतर्गत बंगाली समुदाय को अपने पक्ष में करने के दृष्टिगत बंगाल के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर को मोर्चे पर लगाया जाएगा।
भाजपा के 40 स्टार प्रचारक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, जनरल वीके सिंह, शांतनु ठाकुर व अजय भट्ट, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, उत्तराखंड के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, उत्तराखंड के महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी व राजेंद्र बिष्ट, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हैं।

इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत व विजय बहुगुणा, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, अनिल बलूनी व डा कल्पना सैनी, सांसद हेमा मालिनी व मनोज तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, धामी मंत्रिमंडल के सदस्य सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्या व सौरभ बहुगुुणा, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत व उत्तराखंड की अध्यक्ष आशा नौटियाल शामिल हैं।

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *