नई दिल्ली। महिलाओं की हितैषी बनने वाली कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत पर आपत्तिजनक कमेंट पर बवाल मचा हुआ है। विवाद के चलते सुप्रिया ने पोस्ट तो डिलीट कर दिया लेकिन इसके स्क्रीनशॉट पर बीजेपी इसपर कांग्रेस को निशाना बना रही है। भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस के आला नेताओं से पूछा कि क्या आप उन्हें बर्खास्त करेंगे?
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आज कंगना को मंडी सीट से टिकट मिलने पर आपत्तिजनक पोस्ट किया। कंगना की अभद्र तस्वीर लगाकर सुप्रिया ने लिखा कि क्या भाव चल रहा है मंडी में कोई बताएगा? सुप्रिया ने इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट शेयर की थी। विवाद बढ़ता देख उन्होंने यह पोस्ट हटा ली है। भारतीय जनता पार्टी नेताओं ने इसका स्कीनशॉट लेकर कांग्रेस प्रवक्ता पर हमला बोला। दिल्ली बीजेपी नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा और शहजाद पूनावाला ने इस पर प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी से इस सवाल पूछा है कि क्या सुप्रिया के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने अपनी सफाई पेश करते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मैं किसी भी महिला के लिए ऐसा विवादित बयान नहीं दे सकती। उन्होंने पोस्ट में दावा किया है मेरे नाम से कई पैरोडी अकाउंट बनाए गए हैं। मुझे अभी पता चला कि सोशल मीडिया पोस्ट पर मेरे नाम के कई पैरोडी अकाउंट चल रहे हैं, जिनका दुरुपयोग फर्जी पोस्ट करने के लिए किया जा रहा है।
दूसरी ओर सुप्रिया का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कंगना ने एक्स पर लिखा, ”प्रिय सुप्रिया जी, एक कलाकार के रूप में मैंने अपने करियर के पिछले 20 वर्षों में हर तरह की महिलाओं का किरदार निभाया है। क्वीन में एक भोली-भाली लड़की से लेकर धाकड़ में जासूस तक, मणिकर्णिका में एक देवी से लेकर चंद्रमुखी मेंं राक्षस तक। रज्जो में एक प्रॉस्टिट्यूट से लेकर थलाइवी में एक क्रांतिकारी नेत्री तक। हमें अपनी बेटियों को पूर्वाग्रहों के बंधनों से मुक्त करना चाहिए। हमें उनके शरीर के अंगों के बारे में जिज्ञासा रखने से ऊपर उठना चाहिए। साथ ही, हमें यौनकर्मियों के चुनौतीपूर्ण जीवन या परिस्थितियों को लेकर इस प्रकार के अपशब्दों के इस्तेमाल से बचना चाहिए। हर महिला अपनी गरिमा की हकदार है…।”

