देहरादून। भाजपा के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करने के समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहेंगे। भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व की प्रत्याशियों के साथ हुई बैठक में तय किया गया कि नामांकन 22 से 27 मार्च के मध्य किए जाएंगे। सभी प्रत्याशियों के नामांकन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य नेता उपस्थित रहेंगे। पौड़ी में गढ़वाल संसदीय सीट से प्रत्याशी अनिल बलूनी के नामांकन के समय केंद्रीय महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी के भी मौजूद रहने की संभावना है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार 22 मार्च को अल्मोड़ा सीट से प्रत्याशी अजय टम्टा नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसी दिन हरिद्वार से प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत रुड़की से ऑनलाइन नामांकन पत्र भरेंगे और फिर 23 मार्च को वह ऑफलाइन भी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
गढ़वाल संसदीय सीट से प्रत्याशी अनिल बलूनी और टिहरी गढ़वाल से प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह 26 मार्च को नामांकन पत्र भरेंगे। नैनीताल-उधम सिंह नगर से उम्मीदवार अजय भट्ट का 27 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल करने का कार्यक्रम है।

