देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड से ही समान नागरिक संहिता का उद्गम हुआ है। इस दौरान सीएम ने 229.31 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया और सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के पांच लाभार्थियों को अंशदान राशि के चेक भी वितरित किए और चमोली जिले के लिए कई घोषणाएं भी कीं। इससे पहले उन्होंने रोड शो भी निकाला। धामी ने कहा कि लैंड जिहाद के नाम पर चल रहे षड्यंत्र को हमने खत्म कर दिया। अब तक तीन हजार एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया जा चुका है। कहा कि देवभूमि में कोई दंगा करेगा तो उसके लिए हमने कानून बना दिया है। भविष्य में कोई दंगाई सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा तो उसकी पाई-पाई की भरपाई दंगाइयों से वसूल की जाएगी।
बुधवार को धामी हेलीकॉप्टर से गोपेश्वर तिराहे हेलीपैड पर पहुंचे और यहां से पुलिस मैदान तक रोड शो निकाला। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। इसके बाद सीएम गोपेश्वर पुलिस मैदान पहुंचे और लाभार्थी सम्मान समारोह में शामिल हुए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 10 साल में देश में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं जिसे किसी न किसी योजना का लाभ न मिला हो। उन्होंने कहा कि मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूं कि मुझे देवभूमि उत्तराखंड की सेवा करने का अवसर मिला है। हमने समान नागरिक संहिता कानून बनाया। नकल विरोधी कानून बनाया। अब ऐसा कोई दिन नहीं जब किसी न किसी विभाग में नौकरियों में नियुक्ति न दी जा रही हो।
इस दौरान गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, लोकसभा मीडिया प्रभारी हेमंत सेमवाल, डीएम हिमांशु खुराना, एसपी रेखा यादव, सीडीओ अभिनव शाह, एडीएम विवेक प्रकाश, एसडीएम आरके पांडेय आदि मौजूद रहे।

