Skip to main content

TR NEWS UP-UK

अपने बच्चों को खेल और कहानियों के जरिये संस्कार देना चाहिए: शान्तनु  महाराज

*कहा- मरता शरीर है, आत्मा अमर और अजर है, सभी को पशु बुद्धि का त्याग कर जीवन जीना चाहिए*

*सातवें दिन अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा को दिया गया विश्राम, 20 नवम्बर को होगा हवन और महाप्रसाद का वितरण*

मुजफ्फरनगर, 19 नवम्बर। रेशु विहार स्थित रेशु प्रांगण में दिनांक 13 नवम्बर से प्रतिदिन चल रही अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा के सातवें दिन कथा व्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने अपने श्रीमुख से श्रीकृष्ण जी और सदामा जी की मित्रता के साथ ही अनेक सुन्दर प्रसंगों का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। इसके साथ ही सातवें दिन अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा को विश्राम दिया गया। दिनांक 20 नवम्बर को रेशू प्रांगण में प्रात: 9 बजे से हवन का आयोजन किया जायेगा, जिसके पश्चात दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद का वितरण होगा।

 

अनुष्ठान की श्रीमद् भागवत कथा का वर्णन करते हुए कथा व्यास श्री शान्तनु जी महाराज ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के पुत्र के रूप में प्रथम पुत्र प्रद्युम्न जी का जन्म हुआ। शम्बरासुर ने अपनी मृत्यु के भय से बालक प्रद्युम्न जी का हरण कर लिया था, और बाद में प्रद्युम्न जी ने शम्बरासुर का वध करके मायावती (रति के अवतार) से विवाह किया तथा द्वारिका लौट आए। भगवान का दूसरा विवाह जामवन्त जी की पुत्री जाम्बवती से हुआ। महाराज श्री ने कहा कि स्यमंतक मणि की खोज में भगवान श्रीकृष्ण जामवंत की गुफा में पहुँचे, वहां दोनों के बीच लंबे समय तक (भागवत पुराण के अनुसार लगभग 27-28 दिन) युद्ध चला। अंत में जामवंत ने पहचान लिया कि श्रीकृष्ण ही त्रेतायुग के भगवान राम हैं। उन्होंने मणि और अपनी पुत्री जाम्बवती का विवाह श्रीकृष्ण से कर दिया। महाराज श्री ने कहा कि भगवान का तीसरा विवाह सत्राजित की पुत्री सत्यभामा जी के साथ हुआ। भगवान का चतुर्थ विवाह कालिन्दी जी के साथ हुआ है। भगवान का पाँचवाँ विवाह मित्रवृन्दा के साथ हुआ। भगवान का छठां विवाह कौशलनरेश नग्नजित की पुत्री सत्या के साथ हुआ। सातवां विवाह भद्रा के साथ, आठवां विवाह लक्ष्मणा जी के साथ हुआ। इस प्रकार भगवान की ये आठ पटरानियां हुई और भगवान का 16100 विवाह नरकासुर नामक राक्षस की कैद में बन्दी राजकुमारियों के साथ हुआ। कालान्तर में सभी रानियों से दस-दस पुत्र और एक-एक पुत्री का जन्म हुआ और भगवान सानन्द गृहस्थ आश्रम का पालन करते हुए सानन्द रहने लगे।

भगवान अपने बाल गोपाल परिकरों को नित्य संस्कार और शिक्षा देते थे, इसलिये हमें भी अपने बच्चों को खेल और कहानी आदि के माध्यम से संस्कार देना चाहिये। महाराज श्री ने कहा कि भगवान ने जरासंध का भीम जी के हाथों वध करवाया और पाण्डवों के राजसूय यज्ञ को पूर्ण करवाया है। अन्त में शुकदेव जी ने भगवान के दीनबन्धुता की कथा के रूप में सुदामा जी की कथा सुनाई। भगवान के सखा और परम भक्त सुदामा जी विशुद्ध ब्राह्मन वृत्ति से जीवन यापन करते हुए भगवान का भजन करते थे। घर में बहुत विपन्नता थी। सुदामा जी अपनी धर्मपत्नी सुशीला के कहने पर चार मुठ्ठी चावल लेकर भगवान से मिलने गये। भगवान ने अपने मित्र का बहुत स्वागत किया और उनकी पत्नी के मनोभाव को समझते हुए सुदामा जी को धनधान्य से परिपूर्ण कर दिया। अन्त में महाराज जी ने भागवत जी के महात्म्य को बताते हुए विभिन्न भजनों के माध्यम से भगवान का गुणगान करते हुए कथा को विश्राम दिया, जिससे सम्पूर्ण श्रोता समाज आनन्द से परिपूर्ण हो गया।

 

रेशू प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड नजर आई और यहां पहुंचे समस्त श्रद्धालुओं का रेशु परिवार की ओर से अभिनन्दन किया गया। कथा स्थल पर सुरक्षा, भोग प्रसाद, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, जूतों के उचित रखरखाव की समुचित व्यवस्था को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।

 

 

आज की श्रीमद् भागवत कथा में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह (आईएएस), नरेंद्र मोदी की लोकसभा क्षेत्र बनारस से श्री बी. पी. गुप्ता, पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश श्री सुरेश राणा, विश्व प्रसिद्ध कवित्री श्रीमती अनामिका अम्बर जैन, पूर्व पालिक चेयरमैन श्रीमती अंजू अग्रवाल जी, श्री शरद जी, श्री देवराज पंवार जी, श्री वेद प्रकाश जी, श्री आलोक जी, 200 कम्पनी के सीईओ श्री राजेश अग्रवाल, देहरादून की प्रिंटिंग किंग श्रीमती वियोमा जैन, इनकम टैक्स ऑफिसर श्री सतीश शर्मा जी

व रेशू परिवार के साथ ही अन्य गणमान्य नागरिकों ने कथा का श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित किया। इस अवसर पर पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया।

 

आपको बता दें कि श्री शान्तनु जी महाराज का जन्म वर्ष 1985 में उत्तर प्रदेश के जनपद बस्ती में हुआ और उन्होंने यूजीसी नेट की परीक्षा उत्तीर्ण कर पीएचडी की। महाराज श्री अविवाहित हैं और आरएसएस से जुडे हुए हैं। महाराज श्री ने विदेश में सिविल सर्विस प्रोफेसर की नौकरी छोडकर कथावाचक के रूप में सनातन का प्रचार-प्रचार करने का रास्ता अपनाया। श्रीमद् भागवत कथा को विश्राम दिये जाने के पश्चात दिनांक 20 नवम्बर को रेशू प्रांगण में प्रात: 9 बजे हवन का आयोजन किया जायेगा, जिसके पश्चात दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जायेगा।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *