Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मोदी-योगी की नीति से विकास से रोशन हुए शहरः मीनाक्षी स्वरूप

नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष ने वार्ड 10 दक्षिणी सिविल लाइन में किया 20 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को वार्ड संख्या-10 के दक्षिणी सिविल लाइन मोहल्ले में राज्य वित्त आयोग की ग्रांट से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने लोकार्पण किया। इस दौरान क्षेत्रीय सभासद महिका गुप्ता सहित स्थानीय गणमान्य लोगों ने पालिकाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

राज्य वित्त आयोग वर्ष 2026-27 के तहत प्राप्त धनराशि से नगरपालिका के निर्माण विभाग के द्वारा मौहल्ला दक्षिणी सिविल लाइन में अशोक जैन के मकान से पीयूष गोयल के मकान तक तथा गेट से मेरठ रोड तक सीसी सड़क का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही मार्गों पर आरसीसी नालियों का निर्माण भी कराया गया। नगर पालिका के निर्माण विभाग की देखरेख में संपन्न हुए इन कार्यों पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

लोकार्पण के अवसर पर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में सड़क, नाली, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना नगर पालिका की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नगरीय विकास को नई दिशा मिली है। केंद्र और प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के अनुरूप नगरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नगर पालिका भी इसी सोच के साथ प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करा रही है।

उन्होंने कहा कि दक्षिणी सिविल लाइन में सड़क और नाली निर्माण होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलने और जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर के किसी भी क्षेत्र को विकास से अछूता नहीं रहने दिया जाएगा और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर सभासद महिका गुप्ता, शोभित गुप्ता, पूजा दुआ, ईओ पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नु चौधरी, जेई निर्माण कपिल कुमार के अलावा अशोक सरीन, अजय सिंघल, राजकुमार कालरा, ठेकेदार सतप्रकाश त्यागी, रोबिन सिंघल सहित अन्य स्थानीय नागरिक और नगर पालिका के संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *